
Jamshedpur : उद्योगपतियों और व्यापारियों की संस्था सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष उद्योग महेश सोंथालिया की कंपनी हिमाद्री स्टील में बीती रात करीब 25 से 30 लोगों ने गार्ड को बंधक बनाकर कंपनी के भीतर डकैती कर दी. यह कंपनी धालभूमगढ़ जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके में है. कंपनी से डकैत करीब तीन टन कॉपर को ले गये, जबकि पूरे प्लांट में भी तोड़फोड़ की. इस दौरान गार्ड को भी बंधक बना लिया. आपको बता दें कि सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव उद्योग सांवरलाल शर्मा के जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित कमसा स्टील के दफ्तर में पांच दिसंबर 2021 को अपराधियों ने लूटपाट की थी, जिसमें शामिल अपराधी काफी मुश्किलों से पकड़े गये थे. अब करीब एक माह बाद यानी 25 जनवरी को अपराधियों ने सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष उद्योग महेश सोंथालिया की कंपनी में लूटपाट की है और तीन टन कॉपर लेकर भाग गये और उनकी कंपनी में तोड़फोड़ भी की. इसकी कीमत करोड़ों में बतायी जा रही है. इस मसले को लेकर महेश सोंथालिया के समर्थन में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, पूर्व अध्यक्ष और कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया समेत अन्य लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे और ग्रामीण एसपी से मुलाकात की. इन लोगों ने तत्काल अपराधियों को पकड़ने और सुरक्षा देने की भी मांग की. इन लोगों ने कहा है कि लगातार उद्योग, उद्यमियों और व्यापारियों पर हमले हो रहे हैं, जिसको लेकर सुरक्षा पर ध्यान देने की जरूरत है और तत्काल इस घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए हर जुगत लगानी चाहिए. इस मामले में धालभूमगढ़ थाना में एक एफआइआर भी अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है.




