
Khunti: हम भी चाहते हैं कि बाईपास समेत अन्य सड़कें बने. सड़कें विकास की धमनियां होती है. आम जनता को जाम ना झेलना पड़े, उनका आवागमन सुविधाजनक हो. बाईपास के मुद्दे पर यही कहुंगा कि जमीन गांव के लोगों का है. ग्रामसभा फैसला लेकर जमीन देती है, तो मुझे भला क्यों एतराज होगा. मैं हमेशा ग्रामसभा के निर्णयों के साथ हूं. जमीन अधिग्रहण को लेकर प्रशासन के द्वारा ग्रामसभाएं आयोजित की जा रही है. यह बातें खूंटी के विधायक रामसूर्या मुंडा ने अपने आवास पर न्यूजविंग से बातचीत करते हुए कहा.
डिवाइडर पर विचार हो रहा है
विधायक ने कहा कि तत्काल शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए मेनरोड पर समाहरणालय से पिपराटोली तक पक्का डिवाईडर बनाने पर विचार किया जा रहा है. इसका एक प्रयोग बाजार टांड़ में किया गया, जो लगभग सफल साबित हुआ है. जिला प्रशासन को मैने इसके लिए सर्वे कराने की राय दी है.
शिक्षा के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि इस विषय पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि मारंगहादा और लोधमा के उच्च विद्यालयों को उन्होंने प्लस टू में उत्क्रमित करने की अनुसंशा की है.
जंगली हाथी प्रभावित क्षेत्र में लाईट लगाने का काम शुरू
विधायक ने कहा कि पिछले दिनों के उनके द्वारा जंगली हाथी प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से बातचीत की गई थी. उन्होंने बताया कि उनके द्वारा हाथी प्रभावित इलाकों के गांवों के बिजली खंभों पर वेपर लाईट और गांव में स्ट्रीट लाईट लगाने का निर्देश दिया गया था, जिसका अनुपालन होने लगा है. उन इलाकों में वेपर व स्ट्रीट लाईट लगाने का काम प्रारंभ हो चुका है.
सभ्यता व संस्कृति को भी किया जाएगा विकसित
विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि खूंटी विधानसभा में आदिवासियों व मुलवासियों की सभ्यता व संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि छैला-सांदू के अमर प्रेम कहानी को अमिट बनाने के लिए दसमफॉल के पश्चिमी हिस्से में छैला-सांदू की प्रतिमा बनाई जाएगी, जिसके साथ मुर्गा और बांसूरी भी होगा.
विधायक ने कहा कि मंडा पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर है. इस पर्व में झूलन की परंपरा होती है. कुजराम गांव के लोगों द्वारा मांग की गई है कि उनके गांव के मंडा पूजा स्थल पर झूलन के लिए पक्के खम्भे बनाए जाएं. विधायक ने कहा है कि गांव के लोगों की मांगों को पूरा किया जाएगा.




