
Nikhil Kumar
Ranchi: राजधानी रांची के होटवार खेलगांव से नामकोम आरओबी तक चार लेन रोड बनायी जायेगी. पथ निर्माण विभाग ने इस महत्वपूर्ण सड़क योजना का डीपीआर बनाया है. केंद्रीय निरूपण संगठन के जरिये चयनित कंसलटेंट ने इस सड़क निर्माण की योजना तैयार की है. यह रोड चार लेन व दो लेन पेब्ड सोल्डर बनेगी. इसे बनाने में करीब 158.63 करोड़ रुपये की लागत आयेगी.
पथ निर्माण विभाग ने डीपीआर की स्वीकृति के लिए फाइल मुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष भेजा है. वहां से स्वीकृति मिलने के बाद इसे योजना प्राधिकृत समिति की स्वीकृति के लिए भेजा जायेगा. इसके बाद यह प्रयास होगा कि इसे कैबिनेट की स्वीकृति दी जायेगी. 6.28 किमी लंबी इस रोड के फोरलेन निर्माण में बड़ी राशि जमीन अधिग्रहण पर भी खर्च की जायेगी. इसके अलावा यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्य में भी राशि खर्च की जायेगी.
इसे भी पढ़ें; वर्षों से लंबित मांगों के लिए अब 19 दिसम्बर को विधानसभा का सांकेतिक घेराव करेंगे शिक्षक
राजधानी को जाममुक्त करने की तैयारी का हिस्सा
राजधानी रांची को जाममुक्त करने की तैयारी के मद्देनजर इनर रिंग रोड के हिस्से के रूप में खेलगांव से नामकोम आरओबी तक फोरलेन रोड निर्माण की योजना बनायी गयी है. बता दें कि इस इलाके में ही विकास से रामपुर तक फोरलेन रोड का काम अंतिम चरण में है. वहीं, पथ निर्माण विभाग अंतर्गत विकास से बूटी मोड़,कांटाटोली चौक होते हुए नामकोम दुर्गा सोरेन चौक तक रोड का चौड़ीकरण का काम चल रहा है. आउटर रिंग रोड पर भी काम तेजी से चल रहा है. काम पूरा होने के बाद यातयात विभाजित हो जायेगा. नये मार्ग बनने से सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा. ट्रैफिक को दिशा के अनुसार यात्रा के नये विकल्प मिलेंगे.
इन रोड पर चल रहा काम
दुर्गा सोरेन नामकोम से रामपुर रिंग रोड पथ 8.69 किमी का चार लेन में विकास.
पंडरा-कांके मार्ग के बीच 5.5 किलोमीटर तक सड़क फोरेलन बनायी जानी है.
खेलगांव से नामकुम आरओबी सड़क का 6.28 किमी सड़क फोरलेन में होगा डेवलप.
नामकुम से रिंग रोड पथ वाया सदाबहार चौक करीब 7.62 किमी रोड होगा फोरलेन.




