JharkhandLohardaga

दीपिका-अतनु के रिश्ते से खुश नहीं है गोल्डेन गर्ल का ननिहाल, अंतरजातीय विवाह को लेकर है नाराजगी

Lohardaga : झारखंड की अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज और गोल्डेन गर्ल के नाम से मशहूर दीपिका कुमारी की शादी को लेकर जहां उनके माता-पिता और फैन्स खुश हैं, वहीं दीपिका के ननिहालवाले दीपिका और अतनु दास के इस रिश्ते से खुश नहीं हैं. दीपिका के नाना-नानी और मामा अतनु के साथ हो रही दीपिका की शादी को लेकर खासे उत्साहित नजर नहीं आ रहे. इसका कारण उन्होंने अंतरजातीय विवाह बताया है.

भंडरा में है दीपिका का ननिहाल

दीपिका कुमारी का ननिहाल लोहरदगा जिले के भंडरा प्रखंड मुख्यालय में स्थित है. दीपिका के नाना राम प्रसाद पंडित, मामा संजय कुमार और दिलीप कुमार सहित ननिहाल के लोग दीपिका और अतनु दास के रिश्ते को लेकर खुश नहीं हैं. सभी का कहना है कि दीपिका ने अपनी मर्जी से यह रिश्ता चुना है. इसमें उसके माता-पिता की भी सहमति है, लेकिन वे लोग खुश नहीं हैं. ननिहाल के लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि दीपिका दूसरी जाति के युवक से शादी कर रही है. दीपिका के ननिहाल के लोगों का कहना है कि उन्हें जब इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने दीपिका की मां से बात कर अपनी प्रतिक्रिया भी दी, लेकिन दीपिका के मां-बाप यह शादी करने पर अड़े हुए हैं.

महज औपचारिकता के लिए होंगे शादी में शामिल

दीपिका के ननिहाल के लोगों का कहना है कि वे दीपिका की सगाई और शादी में शामिल तो जरूर होंगे, लेकिन यह महज एक औपचारिकता होगी. बहरहाल, फिलहाल तो दीपिका के ननिहाल की इस रिश्ते में हामी नहीं है, लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि समय के साथ उनकी यह नाराजगी जरूर दूर हो जायेगी और वे भी इस रिश्ते के लिए खुशी-खुशी सहमत होंगे.

इसे भी पढ़ें- झारखंड हाईकोर्ट ने चतुर्थ जेपीएससी में ‘स्केलिंग’ पद्धति के खिलाफ दायर याचिका खारिज की

इसे भी पढ़ें- पांच एमवीआइ और आठ माप तौल निरीक्षक के भरोसे चल रहा राज्य

Related Articles

Back to top button