
Ranchi: रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का काम लगभग पूरा हो गया है. इस कॉरिडोर के फिनिशिंग का काम अब चल रहा है, कचहरी और रातू रोड पिस्का मोड़ के आगे रैंप भी उतर गया है. लेकिन एनएचएआई को अब भी एक समस्या सामने आ रही है वह है कचहरी के पास (नागा खटाल के आगे) जो रैंप उतारा गया है उसके बीचों-बीच एक मंदिर पड़ रहा है. एक पान गुमटी भी अभी चल रही है. इनको अब तक हटाया नहीं जा सका है. मंदिर होने से वहां पर का रास्ता भी काफी संकरा हो जा रहा है.
ऐसे में रैंप के जरिये वाहन उतरेंगे तो मंदिर सामने आ रहा है जिससे आवागमन बाधित होगा दुर्घटना की भी आशंका रहेगी. एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि मंदिर का हस्तांतरण करने का निर्णय हुआ है वहीं पर सामने सड़क किनारे एनएचएआई की भूमि पर नया मंदिर बनवाया जा रहा है. इसका काम जारी है. हालांकि, स्थल पर जाने से यह पता चल रहा है कि वहां कई दिनों से काम नहीं चल रहा है. नया मंदिर पूरी तरह से बनने में काफी विलंब होगा. वहीं, एनएचएआई व संवेदक यह चाह रहा है कि प्रशासन जल्द मंदिर, शौचालय शिफ्ट कराये पर अभी तक एनओसी नहीं मिला है. ऐसे में रातू रोड फ्लाईओवर को चालू करने में कुछ विलंब लग रहा है. अब जून माह में ही इस पर वाहन चलाने की अनुमति मिलेगी, इससे पहले लोड टेस्ट भी होगा.
इस जगह पर नया मंदिर बनाया जा रहा है





