
Ranchi: रिम्स परिसर में दिन प्रतिदिन शरारती तत्वों की गतिविधि में इजाफा हो रहा है. सोमवार देर रात एक महिला इंटर्न के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद प्रबंधन की नींद खुली. घटना की जानकारी बरियातू थाना को दे दी गई है और प्रबंधन ने उनसे आग्रह किया गया है कि रात में रिम्स परिसर में पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाए. साथ ही बताया गया कि रिम्स निदेशक और डीन (छात्र कल्याण) द्वारा रांची उपायुक्त व रांची पुलिस को रिम्स में सुरक्षा बढ़ाने के संबंध में पत्र पहले ही लिखा गया है.
अनाधिकृत प्रवेश पर रोके
रिम्स परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर कई कड़े कदम उठाए जा रहे हैं. जिनमें परिसर में अनाधिकृत प्रवेश पर रोक, रिम्स परिसर की बाउंड्री को तोड़ कर बने अवैध प्रवेश मार्ग को पूर्णतः बंद करना, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, पूरे कैंपस में सीसीटीवी कैमरा का प्रावधान, साथ ही सुरक्षाकर्मियों को जगह जगह तैनात किया जाएगा. परिसर को हर तरह से सुरक्षित करना रिम्स की प्राथमिकता है, जिसके लिए हर संभव प्रयास किया जायेगा.




