
Palamu: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में वैसी बच्चियों को शिक्षा दी जाती है, जो गरीब परिवार से आती हैं. रहने के साधन के साथ साथ भोजन की भी व्यवस्था विद्यालय परिसर में ही की गयी है. सारे संसाधनों को लेकर शिक्षा विभाग बड़ी बड़ी बातें करता है, लेकिन बुधवार को इन तमाम दावों की पोल कस्तूरबा चैनपुर की छात्राओं ने खोल कर रख दी.
अव्यवस्था के खिलाफ विद्यालय की दर्जनों छात्राएं स्कूल से निकल कर सड़क पर आ गई और तीन किलोमीटर प्रदर्शन करते हुए छहमुहान स्थित उपायुक्त शशि रंजन के आवासीय परिसर में पहुंच गयी. उपायुक्त से मिली और पूरी स्थिति से उन्हें अवगत कराया. उपायुक्त ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा कि आप सभी स्कूल जाएं, मामले की जांच करायी जायेगी. व्यवस्था में सुधार हर हाल में होगा.
इधर उपायुक्त के निर्देश पर सदर एसडीओ राजेश साह के नेतृत्व में तीन से चार पदाधिकारियों ने मामले की जांच की. उनकी जांच में पानी की समस्या नजर आई. लो वोल्टेज के कारण मोटर नहीं चली थी. इसके लिए बिजली विभाग से बात कर निर्देशित किया गया. वार्डन को स्कूल में ही रहने की हिदायत दी गयी. इसी तरह छात्राओं की सभी मांगों पर अविलंब सुधार करने का निर्देश वार्डन को दिया गया.
प्रदर्शन करने वाली छात्राओं चंचला कुमारी, रूखसाना परवीण, जमीना खातून, राधिका कुमारी, साजिया परवीण, नूरजहां खातून, मुस्कान कुमारी, एकता कुमारी, विद्या कुमारी सहित अन्य ने आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल में ना तो संसाधान बेहतर मिलते हैं और ना ही पढ़ाई हो पाती है. रात 11 बजे भोजन दिया गया। कई दिनों से पानी नहीं मिल रहा है.
स्कूल की रसोइया खाना नहीं पकाती. उसकी जगह छात्राओं को ही खाना पकाना पड़ता है. साफ सफाई भी छात्राएं ही करती हैं. सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं है. काम करने से मना करने पर पिटाई की जाती है. यही कारण है कि लंबे समय से समस्याओं को झेलते हुए आज उनके सब्र का बांध टूट गया और स्कूल से निकल कर पैदल ही उपायुक्त आवास पहुंच गयीं. छात्राओं ने उपायुक्त से बेहतर माहौल देने की मांग की है, ताकि वे बेहतर तरीके से शिक्षा ग्रहण कर सकें.




