
Ranchi : राजद (झारखंड प्रदेश) ने पार्टी के 4 पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को पार्टी से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है. 15 नवंबर को प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने पत्र जारी कर इसकी घोषणा की. इनमें पार्टी प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार (बरियातु, रांची) के अलावा मनोज पांडेय (चुटिया, रांची), अनिल यादव (पिस्का मोड़, राची) और विनोद यादव (नामकुम, रांची) शामिल हैं. हालांकि इन चारों को पार्टी से निकाले जाने का कोई कारण नहीं बताया गया है. केवल इतना कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्य़क्ष के निर्देशानुसार इन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाता है.
इसे भी पढ़ें : सलाखों के पीछे से संवेदना का ज्वार, कैदियों ने प्रकाशित की सरहुल पत्रिका, सीएम हेमंत आज करेंगे लोकार्पण
मनोज ने उठाया सवाल
डॉ मनोज ने निष्कासन संबंधी पत्र जारी किये जाने पर आपत्ति जतायी है. नाराजगी जताते हुए कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष दलालों के चंगुल में फंसे हुए हैं. उन्हें पढ़े लिखे लोग पसंद नहीं. झारखंडी, मूलवासियों को वे अपमानित करने में लगे हैं. 1996 से वे राजद को मजबूत बनाते रहे हैं. बीच में वे कुछ समय के लिये पार्टी से बाहर गये थे पर फिर वापस पार्टी में आ गये. प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह को उन्हें 6 साल के लिये निकालने का पावर ही नहीं है. अगर लालूजी कहेंगे तभी वे बात मानेंगे. अभय सिंह व्यक्तिगत भड़ास उनसे निकाल रहे हैं. पिछले दिनों तेजस्वी यादव का रांची में जोरदार प्रोग्राम कराया गया था. इसमें वे लगातार सक्रिय रहे. अभय सिंह के पास विवेक नहीं रह गया है. पार्टी से निकाले जाने से पूर्व उन्होंने शो कॉज तक जारी नहीं किया. यह तानाशाही है.
इसे भी पढ़ें : Ranchi : रिम्स में कोविड के दो नए मरीज भर्ती, 91 सक्रिय केस




