
Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर फीनो बैंक के कलेक्शन एजेंट हरीश मुखी से 4.80 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली है. इधर, पुलिस हरीश मुखी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है. पुलिस हर उस रास्ते में लगे सीसीटीवी की बारीकी से जांच कर रही है जिधर से होकर अपराधी भाग सकते थे. इस बीच पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे है जिसमे अपराधियों की तस्वीर कैद हुई है. हालांकि, इस तस्वीर में दोनो अपराधियों ने हेलमेट पहन रखा है वहीं घटना में जिस बाइक का इस्तेमाल किया गया है उसपर नंबर प्लेट भी नही है जिस कारण अपराधियों की पहचान करना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो सकती है. बता दे कि मंगलवार सुबह 10.30 बजे फीनो बैंक के कलेक्शन एजेंट हरीश मुखी से अपराधियों ने उस वक्त लूट कर ली जब वह कलेक्शन के रुपयों को लेकर जुगसलाई स्थित बैंक में जमा करने जा रहा था. रास्ते में उसे बाइक सवार दो अपराधियों ने रोका और हथियार के बल पर उससे रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए.




