NEWS

रांची क्लब 14 अप्रैल तक प्रतिदिन 400 जरूरतमंदों के घर तक पहुंचायेगा भोजन, सोशल डिस्टेंसिंग पर भी ध्यान

Ranchi : राजधानी जरूरतमंदों की सहायता के लिए रांची क्लब ने आज से पहल करनी आरम्भ कर दी है. आज से ही रांची के अलग-अलग हिस्सों में खिचड़ी वितरण किये जाने का काम हो रहा है.

स्थिति सामान्य होने तक यानी 14 अप्रैल तक प्रतिदिन 400 लोगों को उनके घरों तक पहुंचाकर भोजन दिया जाएगा. अगले सप्ताह से राशन वितरण करने की भी योजना बनायी जा रही है.

इसे भी पढ़ेंः बाहर फंसे झारखंड के लोगों के लिए सरकार ने जारी की टॉल फ्री नंबर 0651-2282201, हर संभव मदद की कोशिश जारी

गरीबों को भोजन और राशन देने की योजना: अजय मारू

रांची क्लब सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू के अनुसार दुनिया भर में कोरोना का प्रकोप है. हमारे देश में इसकी रोकथाम के लिए केंद्र से लेकर राज्य सरकारें अपना अपना दायित्व निभा रही हैं. पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 14 अप्रैल तक लॉकडाउन किया जा चुका है.

इस विकट स्थिति में रांची में कई जरूरतमंद परिवार अनाज संकट का सामना कर रहे हैं. ऐसे में रांची क्लब ने जिला प्रशासन के सहयोग से उनके लिए पहल करने की योजना बनायी है. क्लब सदस्यों के आपसी सहयोग से रांची क्लब परिसर में नियमित तौर पर रहने वाले कुकिंग स्टाफ के जरिये 14 अप्रैल तक खिचड़ी बनवायी जायेगी. अगले 2-3 दिनों तक खिचड़ी ही बांटे जाने की योजना है. फिर पुड़ी सब्जी और जरुरत के मुताबिक दाल-भात भी बंटवाया जा सकता है.

तैयार भोजन को कुछ गाड़ियों के जरिये पहाड़ी टोला, रातू रोड और अन्य स्लम एरिया में बंटवाया जाएगा. जिला प्रशासन के हेल्पलाइन में आने वाले फ़ोन के आधार पर मदद मांगनेवाले लोगों को भी इसका लाभ दिया जायेगा.

इस काम के लिए आवश्यक लोगों का पास जिला प्रशासन से बनवाया जा चुका है. खिचड़ी बनाने से लेकर उसे बंटवाने तक की प्रक्रिया के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का हर हाल में पालन करवाया जाएगा.

इसे भी पढ़ेंः #Lockdown21: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अपील, कोरोना महामारी से संघर्ष में सीएम राहत कोष में दान दें सक्षम लोग

5000 लोगों को खाद्यान्न वितरण की भी है योजना

रांची क्लब ने अगले सप्ताह से 5000 लोगों के बीच राशन वितरण की भी योजना बनायी है. इसके तहत प्रति परिवार को 1 किलो आलू, आधा किलो प्याज, 2 किलो चवल और 250 ग्राम दाल वितरित किया जाएगा. आवश्यक होने पर 10 हजार परिवारों को इसका लाभ दिए जाने की योजना है.

यह उन परिवारों के लिए होगा जो दिहाड़ी मजदूर हैं, रिक्शा ठेला चलाते हैं या फिर लॉकडाउन की स्थिति में जो बाहर कहीं निकल पाने की स्थिति में नहीं हैं.

पंडरा से इसे मंगाने की कोशिश है और इसके लिए प्रशासन से सहयोग लिया जा रहा है. वितरण कार्य में भी जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन किया जायेगा.

इसे भी पढ़ेंः #WHO ने भारत को चेतायाः सिर्फ #Lockdown21 से नहीं रुकेगा Corona, अभियान चलाकर तेजी से करनी होगी संदिग्धों की जांच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button