Lead NewsSports

32वें जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल का खेलगांव में रामेश्वर उरांव ने किया उद्घाटन, कहा- झारखंड में भी खेल को मान्यता दिलाने का प्रयास

Ranchi : होटवार स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम (रांची) में आज से तीन दिवसीय 32वीं जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई. वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, पूर्व डिप्टी सीएम सुदेश महतो ने इस खेल टूर्नामेंट का उद्घाटन किया. रामेश्वर उरांव ने मौके पर कहा कि जिस प्रकार डिग्री प्राप्त करनेवालों को नियोजन-रोजगार मिलता है, उसी प्रकार सरकार की खेल नीति ऐसी हो कि खिलाड़ियों को भी प्राथमिकता के आधार पर नौकरी मिले, डिग्री हासिल करने वालों की तरह खिलाड़ियों को भी प्राइवेट, सरकारी नौकरियां मिलनी चाहिए. आखिर खेल में अपना पूरा समय बिताने के बाद वे कहां जायेंगे. उन्होंने कहा कि झारखंड में अब तक सरकार की ओऱ से थ्रो बॉल को मान्यता नहीं मिली है. ऐसे में वे इस दिशा में पहल करेंगे. अगर झारखंड के साथ बने छत्तीसगढ़ में इसे मान्यता मिल सकती है तो यहां भी ऐसा हो. सीएम हेमंत सोरेन से वे इस संदर्भ में आग्रह करेंगे. इस दौरान झारखंड थ्रो बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, आयोजन समिति के सचिव आलोक कुमार दुबे, एसोसिएशन की उपाध्यक्ष विजेता शर्मा, थ्रो बॉल एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव रमन साहनी, थ्रो बॉल इंटरनेशनल फेडरेशन के निदेशक योगेश पांडेय सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे.

होटवार की आधारभूत संरचना का हो इस्तेमाल

सुदेश महतो ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के लिए खेलगांव की मूलभूत संरचना देश के किसी कोने में संभवतः नहीं होगी. इसका इस्तेमाल होते रहना चाहिए. खिलाड़ी और खेल अनुशासन के साथ जुड़े हैं. इसमें नेतृत्व भाव भी जुड़ा है. उन्हें उम्मीद है कि खेल प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ी अपने अपने राज्य, गांव का नाम रोशन करेंगे. राजेश गुप्ता ने स्वागत भाषण में भारतीय थ्रोबॉल एसोसिएशन को झारखंड पर भरोसा जताने और मेजबानी देने को आभार व्यक्त किया.

झारखंड की जीत से शुरुआत

आज खेल गये उद्घाटन मैच में झारखंड ने पश्चिम बंगाल की टीम को 21-11 से परास्त किया. 29 दिसंबर को टूर्नामेंट के समापन तक लगभग 90 मैच खेले जायेंगे. 28 दिसंबर को प्री-क्वार्टर और क्वार्टर फाइनल मुकाबले जबकि 29 दिसंबर को सेमीफाइनल और फाइनल खेले जाने हैं. उद्घाटन मैच से पूर्व करीब दो दर्जन राज्यों से आय़े खिलाड़ियों ने स्टेडियम में मार्च पास्ट किया. इसमें आंध्र प्रदेश, असम, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, दमन और दीव, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मुंबई, ओड़िशा, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुर, पश्चिम बंगाल और मेजबान झारखंड की टीम शामिल थी. मार्च पास्ट के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किये गये.

इसे भी पढ़ें – लातेहार और चतरा में टीपीसी के सब जोनल कमांडर अनूप जी पर दर्ज हैं आठ मामले

Related Articles

Back to top button