
Ranchi: झारखंड ( Jharkhand News ) के राज्यसभा के दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव ( Rajya Sabha Election 2020 ) की घोषणा हो गयी है. केंद्रीय चुनाव आयोग ( Election Commission ) ने तिथि की घोषणा कर दी है. चुनाव 18 सीटों के लिए 19 जून को मतदान ( Voting ) कराया जाएगा. इसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे. राज्य में राज्यसभा की दो रिक्त सीटों पर चुनाव होने हैं.
दोनों ही सीटें परिमल नाथवाणी और संजीव कुमार का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हो जाने के बाद से रिक्त है. इससे पहले चुनाव आयोग ने 26 मार्च को चुनाव कराने की घोषणा की थी. लेकिन कोरोना महामारी को लेकर यह तिथि बढ़ा दी गई थी. आयोग ने 24 मार्च को चुनाव स्थगित करते हुए बताया था कि जल्द ही चुनाव की नई तारीख की घोषणा की जाएगी. इससे पहले 25 फरवरी को आयोग द्वारा 17 राज्यों की 55 राज्यसभा सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव कराने की घोषणा की गई थी. इसमें झारखंड भी शामिल था.
दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार है मैदान
राज्यसभा की खाली दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में है, इसमें जेएमएम से पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन और कांग्रेस से शहजादा अनवर उम्मीदवार हैं. वहीं बीजेपी से वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को उम्मीदवार बनाया गया है. दीपक प्रकाश को उम्मीदवार बनाए जाने के साथ ही बीजेपी अन्य सहयोगी पार्टियों से भी संपर्क बनाने की कवायद में जुट गई है.
दूसरे सीट के लिए बीजेपी और कांग्रेस के बीच है कांटे की टक्कर
पहली सीट पर जेएमएम सुप्रीमो गुरूजी का जीतना तय माना जा रहा है. वही दूसरे सीट के लिए कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर है. बाबूलाल मरांडी के आने के बाद बीजेपी को महज 1 विधायक के समर्थन की दरकार है. वहीं कांग्रेस के सामने 6 विधायकों का समर्थन जुटाने की चुनौती है. वहीं राजेंद्र सिंह के निधन के बाद कांग्रेस के सामने जीतना एक कड़ी चुनौती बन गयी है.
कांग्रेस अगर माले और निर्दलीय विधायकों को अपने पाले में रखने में कामयाब रहती है तो बीजेपी को जीतने के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है. राज्यसभा के लिए सबसे अहम भूमिका अब आजसू और निर्दलीय विधायकों पर है. राजनीतिक जगत में इस बात की चर्चा भी जोरों पर है कि आजसू ने मौके की नजाकत को भांपते हुए तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. आजसू ने कहा है कि पार्टी की संसदीय समिति में राज्यसभा चुनाव में समर्थन देने का निर्णय लेगी.




