JharkhandLead NewsRanchi

पीएम किसान योजना से निबंधित किसानों को भी मिलेगा केसीसी

एक माह में 5,75,761 केसीसी आवेदन प्राप्त

Ranchi : कृषि को झारखंड सरकार ने प्राथमिकतावाले क्षेत्र में रखा है. यही कारण है कि खेती-बारी में सहूलियत को लेकर सरकार लगातार प्रयासरत है. किसानों को खेतीबारी के दौरान पूंजी की कमी और परेशानी से बचाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तमाम किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से जोड़ने का निर्देश दे रखा है. पूरे राज्य में 30 लाख किसानों का पीएम किसान योजना के तहत निबंधन हुआ था, उन्हें भी केसीसी से आच्छादित करने का निर्देश दिया गया है.

वित्तीय वर्ष 2020-21 में 13 लाख केसीसी के चालू एकाउंट हैं. जिनमें 82,421 नये किसानों को केसीसी प्रदान किया गया है. वर्तमान वित्तीय वर्ष में एक जुलाई से 30 जुलाई 2021 तक 5,75,761 केसीसी के आवेदन प्राप्त हुए हैं. जो स्वीकृत होने की प्रक्रिया में हैं. बैंकों को निर्देश मिला है कि वे किसानों को केसीसी जारी करें. गौरतलब है कि सरकार के निर्णय के बाद किसानों का ऋण भी माफ किया गया है. इससे करीब 1,22,238 किसान लाभान्वित हो चुके हैं. अबतक ऋण माफी के तहत 600 करोड़ रुपये व्यय किये गये हैं.

केसीसी जारी करने में सरकार आगे

वर्तमान सरकार अधिक से अधिक किसानों को केसीसी देने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है. आकंड़ों को देखें तो 2016-17 में 5,57,993 केसीसी, 2017-18 में 3,16,218 केसीसी, 2018-19 में 1,55,953 केसीसी, 2019-20 में 5,01,527 केसीसी और 31 मार्च 2021 तक 8,67,609 केसीसी किसानों को जारी किये गये हैं.

पांच लाख नये किसानों को केसीसी देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने उन सभी किसानों को केसीसी प्रदान करने का निर्देश दिया है. जो अनुसूचित जाति, जनजाति और भूमिहीन कृषक हैं. उक्त आदेश के बाद राज्य के करीब पांच लाख किसानों को केसीसी देने की तैयारी की जा रही है.

इसे भी पढ़ें : हजारीबाग और बरही में खोला जायेगा एग्री क्लीनिक केंद्र, किसानों को मिलेगी मदद

किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलाने का प्रयास

सरकार का प्रयास है कि किसान साहूकारों से कर्ज लेकर उनके चंगुल में न फंसें. इसके लिए सस्ती ब्याज दर पर केसीसी के जरिये किसानों को कृषि के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है. कृषक मित्र, जनसेवक, अस्सिटेंट टेक्नोलॉजी मैनेजर (एटीएम), ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर (बीटीएम) को अभियान चला कर किसानों को केसीसी से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है.

किसानों को मिल रहा है लाभ

राज्य के 24 जिलों में केसीसी के लिए 30,93,087 किसानों का निबंधन हुआ था. इनमें से पहले चरण में 30,67,296 किसानों के आवेदन स्वीकृत किये गये. वहीं वित्तीय वर्ष 2020-21 में 69, 259 केसीसी बैंकों द्वारा स्वीकृत किया गया. राज्य के सभी जिलों में शिविर लगाकर केसीसी आवेदन किसानों से प्राप्त किया गया. बोकारो के किसान सबसे अधिक केसीसी से लाभान्वित हुए, इसके बाद पाकुड़, रामगढ़ और गुमला के किसानों ने केसीसी का लाभ लिया. शेष जिलों में भी बड़ी संख्या में किसानों को केसीसी के लाभ से जोड़ा जा रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा किसानों को योजना से जोड़ा जाए ताकि वे खेती के लिए जरूरी उपकरण, खाद, बीज आदि खरीद सकें.

सभी जिलों में केसीसी के लिए लगाये जा रहे हैं शिविर

कृषि निदेशक निशा उरांव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर किसानों को कृषि कार्य में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से केसीसी जारी किया जा रहा है. सभी जिलों में केसीसी के लिए शिविर का आयोजन हो रहा है. राज्य के सभी योग्य कृषकों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य लेकर कार्य हो रहा है.

इसे भी पढ़ें :झारखंड सरकार के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार तीन लोग दो दिन की रिमांड पर

Related Articles

Back to top button