
Ranchi: अरसे बाद चतरावासियों में रेलवे सेवा से जुड़ने की आस बंधी है. हजारीबाग रोड स्टेशन से चतरा जिला मुख्यालय के बीच रेलवे लाइन बिछाये जाने की योजना बनी है. झारखंड रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JRIDCL, झारखंड सरकार सह रेलवे मंत्रालय का संयुक्त उपक्रम) ने इसके लिए पहल की है. टेंडर जारी करते इस कार्य के लिए कंसल्टेंसी सर्विस प्रोवाइडरों की मदद मांगी है. अभी चतरा से नजदीकी रेलवे स्टेशनों में टोरी है जो करीब 60 किलोमीटर की दूरी पर है. इसके अलावे रेलवे सेवाओं का लाभ लेने को करीब दो घंटे की दूरी पर स्थित गया रेलवे स्टेशन यात्रियों को जाना होता है. पहाड़पुर, गुनपा, टनकुप्पा जैसे रेलवे स्टेशन भी करीब 60-70 किमी की दूरी पर हैं. झारखंड रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की पहल के बाद यात्रियों को हजारीबाग रोड रेल लाइन से जुड़ने का लाभ मिलेगा.
चार महीने में मिलेगा ट्रैफिक रूट का आइडिया
JRIDCL के डायरेक्टर (P & P) की ओर से जारी सूचना के मुताबिक चतरा जिला मुख्यालय से हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैफिक रूट और इस पर आने वाली लागत के अध्ययन के लिए कंसल्टेंसी सर्विस प्रोवाइडर से मदद ली जानी है. चयनित सर्विस प्रोवाइडर को 4 माह के भीतर अपनी स्टडी पूरी करते रिपोर्ट देनी होगी. आवेदन के बाद योग्य सर्विस प्रोवाइडर का सेलेक्शन होगा. बिड सिक्यूरिटी मनी के तौर पर 50 हजार रुपये जमा करने होंगे. 13 मार्च को बिड खोले जाएंगे. JRIDCL की वेबसाइट https://www.jridcl.org.in से 13 फरवरी से विस्तृत जानकारी के साथ बिड डॉक्यूमेंट्स के लिए आवेदन किये जा सकेंगे.
दशकों से जारी है इंतजार
अब तक चतरा जिला रेलवे नेटवर्क से नहीं जुड़ सका है. बाहर जाने वाले यात्रियों को बस, छोटी गाड़ियों के भरोसे नजदीकी रेलवे स्टेशन टोरी या फिर गया जाना होता है. पूर्व में गया-चतरा-टोरी रेलवे लाइन के लिए प्रस्ताव कुछ वर्षों पूर्व चर्चा में आया था. इसके बाद से इस पर नया अपडेट कुछ नहीं है. फिलहाल हजारीबाग रोड स्टेशन से जोड़े जाने की संभावनाओं से भी स्थानीय लोगों में आस बंधी है कि आने वाले समय में उनके यहां भी और रेलवे सेवाएं मिल सकेंगी.
इसे भी पढ़ें: सरकार की सहमति के बाद भी अब तक मनरेगा कर्मियों की तीन प्रमुख मांग नहीं हुई पूरी




