Palamu

पलामू: थाना प्रभारी पद को लेकर भारी कन्फ्यूजन, थाना दैनिकी का प्रभार मिलने पर सब इंस्पेक्टरों ने खुद को समझा थाना प्रभारी

Palamu: जिले में थाना दैनिकी का प्रभार लेने के निर्देश के बाद थाना प्रभारी पद को लेकर भारी कंफ्यूजन हुआ. कई सब इंस्पेक्टर थाना दैनिकी का प्रभार मिलने के बाद खुद को थाना प्रभारी समझ बैठे. थानों में उनका स्वागत बतौर थाना प्रभारी के रूप में हुआ. परिचय बैठक हुई. बड़ी संख्या में लोग जुटे. सभी ने थाना प्रभारी बनने की बधाई दी.

इस बीच 48 घंटे के भीतर पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना, ओपी, पिकेट आदि में करीब 20 प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गयी. ऐसे में जिन थानों में सब इंस्पेक्टरों को डायरी का प्रभार लेने का निर्देश दिया गया था और उन्होंने खुद को थाना प्रभारी मान लिया था. स्वागत भी करवा लिया था, उन्हें पछतावा हो रहा है.

बता दें कि 20 फरवरी को जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने जिले विभिन्न थाना, ओपी, पिकेट एवं अन्य में एक साथ 26 पुलिस अवर निरीक्षक (सब इंस्पेक्टरों) की प्रतिनियुक्ति की थी. सभी को 24 घंटे के अंदर नव प्रतिनियुक्त स्थल में योगदान देते हुए अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया था. साथ ही (शहर थाना, हुसैनाबाद एवं हैदरनगर को छोड़कर) थाना दैनिकी का प्रभार ग्रहण कर दैनिक कार्यों सहित विधि व्यवस्था संधारण का निर्देश दिया था.

ऐसे थानों में छतरपुर भी शामिल था. सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह को दैनिकी का प्रभार लेने के निर्देश के साथ पोस्टिंग हुई. 21 फरवरी की संध्या 3 बजे थाना में आकर पदभार ग्रहण किया. उसके बाद स्वागत समारोह आयोजित कर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया. पदभार ग्रहण करने के बाद 22 फरवरी को थाना प्रभारी के रूप में अनिल कुमार सिंह ने स्थानीय सामाजिक एवं गणयमान्य लोगों के साथ थाना परिसर में बैठक कर उनसे परिचय का आदान प्रदान किया था.

इस बीच 22 फरवरी की शाम जिले की एसपी ने 20 प्रभारियों की नियुक्ति कर दी. छतरपुर में थाना प्रभारी राजेश रंजन को बनाया गया. 24 घंटे के अंदर योगदान करने का आदेश जारी किया. इस निर्णय से छत्तरपुरवासी भी हतप्रभ हैं. क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया.
अब नए सिरे से थाना प्रभारी की प्रतीक्षा और उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है.

बता दें कि राज्य भर में एक ही जिले में 3 वर्ष से अधिक समय से पदस्थापित अवर निरीक्षकों का बड़ी संख्या में एक जिले से दूसरे जिले में तबादला किया गया था. छत्तरपुर थाना समेत कई थाने पदाधिकारी विहीन होकर चल रहे थे. इसे देखते हुए एसपी ने थाना दैनिकी का प्रभार लेने को लेकर 26 पुलिस अवर निरीक्षकों की पोस्टिंग की थी.

इसे भी पढ़ें: पलामू में हर दूसरे दिन सड़क हादसे में जाती है जान, 13 महीने में 276 सड़क दुर्घटनाएं, 225 की मौत

Related Articles

Back to top button