JharkhandLead NewsRanchi

मणिपुर पर सियासतः रघुवर दास ने CM हेमंत सोरेन को दिलायी रुबिका पहाड़िन और अंकिता हत्याकांड की याद

Ranchi : मणिपुर में जारी हिंसा के बीच स्थानीय महिला के साथ अभद्र आचरण के जारी वीडियो प्रकरण पर झारखंड में सियासत तेज हो गयी है. सीएम हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शनिवार को चिट्ठी लिख कर इसमें पहल करने की मांग की. इसके बाद पूर्व सीएम और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने हेमंत सोरेन पर जोरदार हमला बोला है. सोशल मीडिया के जरिये अपनी बात रखते उन्हें रुबिका पहाड़िन और अंकिता हत्याकांड की याद दिलायी है. कहा है कि मणिपुर की घटना पर चिंता जतानेवाले सीएम को अपने राज्य को देखना चाहिए. यहां रुबिका पहाड़िन के दिलदार ने टुकड़े-टुकड़े कर दिये. अंकिता को शाहरुख ने जिंदा जला दिया. इन दोनों घटनाओं के अलावा रघुवर दास ने दुमका में आदिवासी बच्ची के साथ दुष्कर्म कर और हत्या कर पेड़ से लटकाये जाने, साहिबगंज में घर से उठा कर आदिवासी बच्ची से दुष्कर्म, आश्रम में साध्वी से दुष्कर्म, गुमला-रांची में नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाओं की भी चर्चा की है. पूछा है कि आखिर हेमंत सोरेन ऐसी घटनाओं पर चुप्पी क्यों साधे रखे हैं. झारखंड की बेटियों की चीत्कार सीएम को सुनायी क्यों नहीं देती है. अपने पत्र में मणिपुर के साथ कम से कम पश्चिम बंगाल के मालदा और बिहार के बेगूसराय की घटना का जिक्र भी कर लेते. रघुवर ने जानना चाहा है कि क्या हेमंत इन घटनाओं का समर्थन करते हैं. ऐसे गंभीर और संजीदा मुद्दे पर राजनीति करने से पहले कुछ तो उन्हें शर्म करनी चाहिए.

इसे भी पढ़ें – मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक और IAS अधिकारी को ईडी ने किया गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button