
Sahibganj: उत्तर प्रदेश का चर्चित ज्योति मौर्या जैसे एक अन्य मामले की गूंज अब साहिबगंज जिले से भी सुनाई देने लगी है. बोरियो प्रखंड में हुए ऐसे ही एक वाकए में एक पति ने अपनी पत्नी और बेटे की बरामदगी के लिए कोर्ट में गुहार लगाई है. अपनी पत्नी को कर्ज लेकर पढ़ाने और उसे एएनएम बनाने वाले इस पति ने आवेदन देकर पुलिस से भी न्याय की गुहार लगाई है.
कर्ज लेकर पत्नी को एएनएम बनाया,तीन महीेने से पत्नी लापता
ज्योति मौर्या जैसी कहानी घटित हुई है बोरियो प्रखंड के बांझी गांव में, जहां के निवासी कन्हाई पंडित पिछले तीन महीने से लापता अपनी पत्नी और बेटे के वापसी के लिए दर-दर की ठोकरें खाने और बिलख-बिलख कर रोने को मजबूर हैं. शुक्रवार को एसडीपीओ कार्यालय पहुंचे कन्हाई पंडित ने बताया कि 2009 में तेलो बाथन टोला गांव निवासी राजकिशोर पंडित की पुत्री कल्पना कुमारी से उसका विवाह हुआ था. शादी के बाद उसका एक 10 वर्ष का पुत्र है. पढ़े-लिखे ज्यादा नहीं होने के कारण वह मेहनत मजदूरी व ट्रैक्टर चला कर अपनी रोजी-रोटी कमा रहा था. परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण मैट्रिक पास पत्नी कल्पना ने पढ़ाई करवाने की बात कही तो उसने पहले अपनी पत्नी कल्पना को बोरियो कॉलेज से इंटर की पढ़ाई पूरी करवाई और फिर कर्ज लेकर जमशेदपुर से एएनएम का प्रशिक्षण भी दिलवाया.
कर्ज उतारने गुजरात में की नौकरी
पति कन्हाई पंडित ने बताया कि काफी कर्ज हो जाने के कारण अपनी पत्नी के कहने पर ही 2019 में वह बेहतर कमाने के लिए गुजरात चला गया. इस बीच पत्नी कल्पना भी एएनएम की अपनी ट्रेनिंग पूरी कर जमशेदपुर से वापस लौट आई थी. कोरोना काल के बाद पत्नी कल्पना ने 2022 के शुरूआती महीनों में साहिबगंज के झूमावती अस्पताल में एएनएम की नौकरी कर ली. इस दौरान गुजरात में हुई कमाई से उसने अपना कर्ज खत्म कर दिया था. इस साल मार्च महीने में होली के पहले जब वह बांझी स्थित अपने घर लौटा तो पत्नी के बदले व्यवहार से वह हैरान रह गया. पूछने पर पत्नी ने कहा कि अब वह मेरे साथ नहीं रहना चाहती है.
पत्नी को समझाना रहा व्यर्थ, 14 अप्रैल से लापता
पति कन्हाई पंडित ने बताया कि पत्नी के बदले व्यवहार से परेशान होकर वह पत्नी को लेकर अपने ससुराल गया और सास-ससुर को इस बात की जानकारी दी. वहां से समझा-बुझाकर पत्नी को वापस लाया था. इस बीच 14 अप्रैल को पत्नी मायके जाने की बात कह घर से निकली और बेटा सहित लापता हो गई. लापता होने के बाद से उसने अपनी पत्नी और बच्चे की काफी खोजबीन की लेकिन इस संबंध में अपने ससुराल में भी जाकर पूछताछ की, लेकिन उन लोगों ने कुछ भी नहीं बताया. मुझे पूरा यकीन है कि मेरी पत्नी कल्पना मुझे धोखा देकर किसी दूसरे प्रेमी के साथ रह रही है. इसकी जानकारी मेरे ससुराल वालों को भी है, लेकिन वे लोग कुछ भी बताने से इंकार कर रहे हैं.
कोर्ट में दायर किया परिवाद
पति कन्हाई पंडित ने बताया कि आखिर में परेशान होकर उसने न्यायालय की शरण ली है और परिवाद दायर किया है इसी क्रम में साहिबगंज एसडीपीओ राजेंद्र दुबे से मिलकर उसने अपनी बात कही है ताकि उनको न्याय मिल सके. एसडीपीओ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही है.




