
Giridih : गिरिडीह की मुफ्फसिल थाना पुलिस ने पांच चोरों को दबोचा है. गिरफ्तार पांचों चोरों के पास से चोरी के सामान जेवर, पूजा के बर्तन समेत कई और सामान बरामद कर लिये गये. गिरफ्तार चोरों में पचंबा थाना इलाके के ज़ोरबाद गांव निवासी बजरंगी दास और बादल भुइयां के साथ शहर के महादेव तालाब रोड निवासी दीपक ठठेरा, कोलडीहा निवासी दीपू साहू, शहर के बड़ा चौक निवासी प्रदीप स्वर्णकार हैं. जानकारी के अनुसार तीन चोरों ने मुफ्फसिल थाना इलाके के पपरवाटांड़ निवासी लखेंद्र सिंह के घर में सेंधमारी कर लाखों के सामान की चोरी की थी. तीनों चोरों ने प्रदीप स्वर्णकार और दीपक ठठेरा की दुकान में चोरी के जेवर और कई बर्तन बेच दिये थे. सीसीएल क्वार्टर में रहनेवाले लखेंद्र सिंह के घर चोरी के बाद पुलिस जांच में जुटी और तीनों को दबोचा. इसके बाद तीनों ने दीपक ठठेरा और प्रदीप स्वर्णकार की दुकान में बर्तन और जेवर बेचने की बात को कबूला. इसके बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया.



