
Ranchi : रांची पुलिस ने ईद की सुरक्षा के मद्देनजर अलग-अलग इलाकों में फ्लैग मार्च किया. फ्लैग मार्च के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का अनुपालन कराने के लिए मुस्तैदी का संदेश दिया.
रांची के डोरंडा, मेन रोड, लोअर बाजार सहित कई इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया और लोगों को घरों में रहने की अपील की. साथ ही ईद की नमाज घरों में ही अदा करने की अपील की गयी.
रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा है कि सरकार की गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए ईद मनाये. ताकि इस कोरोना महामारी से जंग जीती जा सके.
इसे भी पढें :कोविड के कारण अनाथ बच्चों का सरकार रखेगी ध्यानः मुख्यमंत्री
राज्य भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
ईद पर्व के मद्देनजर राज्य भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. राज्य पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक कोरोना मिनी लॉकडाउन को लेकर पहले से ही सभी जिले के एसपी को सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया है. ईद के दौरान किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए राज्य भर में तकरीबन 100 कंपनी बलों की तैनाती की गयी है.
असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर
मुख्यालय के द्वारा सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने की हिदायत दी गयी है. वहीं सोशल साइट्स की भी मॉनिटरिंग की जा रही है. सभी जिलों को आदेश दिया गया है कि सभी वर्गों के गणमान्य लोगों के संपर्क में रहें ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.
इसे भी पढें :बन्ना गुप्ता ने दिया सभी जिलों में ऑक्सीजन बैंक बनाने का निर्देश
राजधानी में भी विशेष सतर्कता
इधर झारखंड की राजधानी रांची में भी ईद को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने करवाने के लिए रांची पुलिस भी पूरी तरह से सतर्क है. रांची के सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि राजधानी में 121 मजिस्ट्रेट और 101 पुलिस अधिकारियों के अलावा दो हजार से अधिक जवानों को विभिन्न जगहों पर तैनात किया गया. ईद को लेकर शहर भर में 12 गश्ती दल बनाये गये हैं. हर दल में अफसर और पुलिस के जवानों को शामिल किया गया है.
सिटी एसपी के अनुसार पुलिस पूरी तरह से सतर्क है लेकिन वे लोगों से लगातार अपील भी कर रहे हैं कि वह कोविड-19 गाइडलाइंस का पूरी तरह से पालन करें. नमाज के समय भी सोशल डिस्टेंस का विशेष ख्याल रखें. वहीं सिटी एसपी ने लोगों से यह भी कहा है कि अगर पुलिस के हिदायत के बावजूद नियमों का उल्लंघन होगा तो उस पर कानूनी कार्रवाई भी की जायेगी.
डीजीपी ने भी की अपील
डीजीपी नीरज सिन्हा ने अपील की है कि कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए ईद की नमाज ईदगाहों के बजाय घरों में ही पढ़ें. इससे संक्रमण का खतरा बेहद कम हो जायेगा.
इसे भी पढें :चांद दिखा, कल होगी ईद, जानिये क्या है ईद में खास बात और ये कैसे दूसरे त्योहारों से है अलग




