
Ranchi : राजधानी रांची में दो जगह अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे तीन अपराधियों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. जहां एक तरफ लालपुर थाना क्षेत्र के करमटोली चौक के पास किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे राहुल कुमार नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया, वहीं मेसरा ओपी के मदन ढाबा नेवरी विकास में अपराध की योजना बना रहे दो युवक रिंकू खान और साबिर अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया.
इसे भी पढ़ें- हातमा शराब कांड: उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर से सिपाही तक को बदलने की तैयारी,…
मदन ढाबा के पास से दो को खदेड़कर पकड़ा पुलिस ने
रांची के एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी मदन ढाबा नेवरी विकास में अपराध की योजना बना रहे हैं. गुप्त सूचना के आधार पर मेसरा ओपी प्रभारी ने पुलिस बल के साथ चारों तरफ से घेरकर छापामारी की. उसी क्रम में दो अपराधी मदन ढाबा के पीछे भागने लगे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने खदेड़कर पकड़ लिया. पकड़े गये युवकों में रिंकू खान और साबिर अंसारी शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें- खान-पान और पोषण का प्रचार-प्रसार करेंगे साइकिल दल के सदस्य
करमटोली चौक के पास लोडेड पिस्टल लेकर घूम रहा था युवक
एसएसपी को यह भी गुप्त सूचना मिली थी कि लालपुर थाना क्षेत्र के करमटोली चौक के पास एक संदिग्ध युवक कोई आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में इधर-उधर घूम रहा है. इसके बाद लालपुर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और टीम द्वारा करमटोली चौक पर छापामारी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा. पकड़े गये युवक की जब तलाशी ली गयी, तो उसके पास से एक लोडेड पिस्टल और दो गोलियां बरामद की गयीं. उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस का दावा- तीनों अपराधियों के पास से बरामद हुए ये सामान
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार हुए तीन अपराधियों के पास से एक लोडेड ऑटो पिस्टल और दो गोलियां, एक देसी कट्टा, छह गोली, पांच मोबाइल फोन, एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुए हैं.

इसे भी पढ़ें- चंदवे में लड़की की छेड़खानी को लेकर हंगामा, दो पक्ष भिड़े, पुलिस बल तैनात
छापामारी दल में ये पुलिसकर्मी और अधिकारी थे शामिल
लालपुर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह, मेसरा ओपी प्रभारी विरेंद्र कुमार, लालजी यादव लालपुर थाना, उज्जवल कुमार सिंह लालपुर थाना, अमित कुमार सिंह लालपुर थाना, अरविंद कुमार सिंह मेसरा ओपी, विश्वनाथ मांझी मेसरा ओपी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.




