JharkhandLead NewsRanchi

फ्लैट पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने की आरोपी महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

Ranchi : लालपुर थाने की पुलिस ने फ्लैट पर कब्जा करके रहने और जान से मारने की धमकी देनेवाली आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी महिला का नाम पायल सिंह है और वह रांची के हिनू इलाके की रहनेवाली है. गिरफ्तार महिला पायल सिंह निजी अस्पताल में काम करती थी. पायल सिंह और उसके पति पंकज कुमार ने लालपुर थाना क्षेत्र स्थित मोदी कंपाउंड के गुलमोहर अपार्टमेंट में एक फ्लैट को अपने कब्जे में ले लिया था. यह फ्लैट पंकज कुमार के नाम से था. पंकज कुमार ने इस फ्लैट को अनिल कुमार झा को बेच दिया, जिसके बाद अनिल कुमार झा ने डूमरदग्गा की रहने वाली रूपा पाल को बेच दिया. इसके बाद पंकज कुमार की पत्नी पायल सिंह ने इस फ्लैट को अपने कब्जे में ले लिया और जबरन अपने परिवार के साथ रह रही थी. इस मामले की जानकारी रूपा पाल ने लालपुर थाने को दी, जिसके बाद रूपा पाल ने पंकज कुमार, अनिल कुमार झा, सीमा और पायल सिंह के खिलाफ थाने में एफआइआर दर्ज करायी. मामले की जानकारी मिलने के बाद लालपुर थाने की पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच की और फ्लैट पर जबरन कब्जा कर रह रही पायल सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वहीं पंकज कुमार, अनिल कुमार झा और सीमा फरार हो गये हैं. पायल सिंह के पति पंकज कुमार रांची में ब्रोकर का काम करते हैं.

इसे भी पढ़ें – Palamu : हैदरनगर के तीन युवकों की औरंगाबाद में पीट-पीट कर हत्या, बुजुर्ग की हत्या के बाद उग्र ग्रामीणों ने दिया घटना को अंजाम, दो की हालत गंभीर

Related Articles

Back to top button