
Ranchi: झारखंड को नयी रेल लाइन की सौगात एक बार फिर से मिलने वाली है. एक मार्च यानी कल पीएम नरेंद्र मोदी देवघर से गोड्डा को सीधे जोड़ने वाली मोहनपुर हंसडीहा नयी रेललाइन का उद्घाटन और देवघर डिब्रुगढ़ ट्रेन का शुभारंभ करेंगे. पीएम धनबाद में इन योजनाओं का शुभारंभ करेंगे. जहां सुबह 11: 25 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये रेल यात्रियों को यह सौगात देंगे. मोहनपुर जंक्शन में आयोजित होने वाले समारोह में गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे. रेलवे मोहनपुर जंक्शन में भव्य समारोह की तैयारी की गयी है.
रेल मंत्रालय के अनुसार 753.48 करोड़ की मोहनपुर हंसडीहा रेल लाइन की लंबाई 38.110 किलोमीटर है. इस रेललाइन में पांच स्टेशन मोहनपुर, खड़ियाडीह, हरलाटांड़, ककनी व हंसडीहा है. इस नयी रेललाइन में पहली बार चलने वाली देवघर डिब्रुगढ़ ट्रेन को पीएम मोदी देशवासियों को सौपेंगे. सुबह 10: 15 बजे मोहनपुर जंक्शन में समारोह शुरू हो जायेगा. यह नयी रेललाइन के चालू होते ही देवघर से गोड्डा रेल लाइन से सीधे तौर पर जुड़ जायेगा. देवघर और गोड्डा आने जाने वाले यात्रियों को दुमका व नोनीहाट से गुजरना नहीं पड़ेगा. इस रेल लाइन के चालू होने से यात्रियों के ढाई घंटे की बचत होगी.
पूर्वाेत्तर को जोड़ने वाली दूसरी ट्रेन
देवघर से डिब्रुगढ़ तक चलने वाली पूर्वाेत्तर के लिए देवघर से यह दूसरी ट्रेन होगी. पहली ट्रेन देवघर अगरतला एक्सप्रेस बांका और भागलपुर रूट से चलती है. देवघर से डिब्रुगढ़ ट्रेन का परिचालन मोहनपुर से हंसडीहा होकर होगी. इस रूट से ट्रेन का परिचालन होने देवघर, दुमका व गोड्डा जिले के रेल यात्रियों को सीधे तौर पर सुविधा हो जायेगी.
रेलवे के अनुसार इस रूट से परिचालन होने पर समय की बचत होगी. इस खंड पर इस ट्रेन को चलाने के लिए कोई इंजन रिवर्सल नहीं होगा. इसके साथ ही इस मार्ग से ट्रेन चलने से देवघर, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया व कटिहार जैसे शहर कनेक्ट होंगे. डिब्रुगढ़ से नॉर्थ बैंक होते हुए देवघर तक वर्तमान में कोई सीधी रेल कनेक्टिविटी नहीं है. इस ट्रेन का परिचालन शुरू होने से कनेक्टिविटी हो जायेगी.
समय सारणी
पूर्वी रेलवे द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार सुबह 11 बजे देवघर डिब्रुगढ़ साप्ताहिक ट्रेन देवघर स्टेशन से खुलेगी. 11: 25 बजे मोहनपुर, 12:12 बजे हंसडीहा, 12: 36 बजे मंदारहिल, 2: 20 बजे भागलपुर, 2: 55 बजे सुल्तानगंज, 3: 18 बजे बरियारपुर, 4: 15 बजे मुंगेर, 4: 58 बजे खगड़िया, 6 बजे नवगछ़िया, 7: 58 बजे कटिहार, 8: 45 बजे बारसोइ, 9: 50 बजे किशनगंज के साथ साथ इस ट्रेन का ठहराव आलूबाड़ी रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कूचविहार, कोकरझार, न्यू बोगाइंगांव, बारपेटा रोड, नालबाड़ी, रंगिया, उदालगुड़ी, रांगापाड़ा नार्थ, विश्वनाथ चार्ली, हारमोती, नार्थ लखीमपुर, धेमाजी होते हुए व शाम चार बजे डिब्रुगढ़ पहुंचेगी.




