
Dhanbad: बीते 21 मार्च को नाबालिग दलित लड़की के साथ लिलोरी मंदिर स्थित जिला परिषद पार्क में चार युवकों के द्वारा हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना की जांच के लिए मंगलवार को झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम पहुंची. इस दौरान आयोग ने पीड़िता व उसके परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली. इस दौरान आयोग के दो सदस्य सुनील कुमार वर्मा एवं डाक्टर आभा वीरेंद्र अकिंचन ने कतरास थाना क्षेत्र स्थित घटनास्थल का भी दौरा किया. बाद में टीम ने पीड़िता के स्कूल का भी दौरा किया किया और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए.
इसे भी पढ़ें: Godda: नाबालिग अगवा मामले में तीन महीने में आया कोर्ट का फैसला, आरोपी को मिली 7 साल सश्रम कारावास की सजा, 25 हजार का जुर्माना
बाद में आयोग के सदस्य डाक्टर आभा वीरेंद्र अकिंचन ने बताया कि इस मामले का आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है. आयोग अपने स्तर से जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई करेगी. उन्होंने इस घटना से पीड़िता व उसके परिजनों के डरे-सहमे होने व कुछ भी विस्तारपूर्वक नहीं बता पाने की स्थिति की भी बात कही. अगले कुछ दिनों में एक बार फिर से उका बयान लेने का प्रयास किया जाएगा. बता दें कि पुलिस ने इस घटना में संलिप्त चार आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं. पुलिस ने इस मामले में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

बाल संरक्षण आयोग टीम के साथ उत्तम मुखर्जी, नरेश दास, उमेश ऋषि, राहुल कुमार सुपन, मुकेश कुमार दास,जीतु कुमार, राजेश कुमार,सुदेश दास, चंदन राम, अरुण ऋषि , अजय राम सहित कई अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद थे।




