
Commomwealth Games: बर्मिंघम में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत ने कुल 61 पदक जीते हैं. इनमें 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल हैं. हॉकी में रजत पदक के साथ भारत का सफर खत्म हुआ है. इस बार वेटलिफ्टिंग में संकेत सरगर ने पहला पदक दिलाया था. वहीं, मीराबाई चानू ने पहला स्वर्ण पदक दिलाया. इसके बाद सभी पहलवानों ने पदक जीतकर इतिहास दोहराया. बॉक्सिंग और बैडमिंटन में भी भारतीय खिलाड़ियों ने कमाल किया. एथलेटिक्स और लॉन बॉल में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छा खेल दिखाया. इसके अलावा पैरा एथलीटों ने भी कई पदक दिलाए. इसी वजह से शूटिंग के न होने के बावजूद भारत इस बार 61 पदक ला पाया.
हॉकी में भारतीय पुरुष टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7-0 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है. इस हार के साथ ही टीम इंडिया ने स्वर्ण जीतने का मौका गंवा दिया और रजत पदक के साथ अपने अभियान को खत्म किया. राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत को कुल 61 पदक मिले हैं.
भारत के पदक विजेता
22 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टीटी पुरुष टीम, सुधीर, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया, रवि दहिया, विनेश, नवीन, भाविना, नीतू, अमित पंघाल, एल्डहॉस पॉल, निकहत जरीन, शरत-श्रीजा, पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग, शरत
16 रजतः संकेत सरगर, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक, प्रियंका, अविनाश साबले, पुरुष लॉन बॉल टीम, अब्दुल्ला अबोबैकर, शरथ-साथियान, महिला क्रिकेट टीम, सागर, पुरुष हॉकी टीम
23 कांस्यः गुरुराजा, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल, जैस्मिन, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग, मोहम्मद हुसामुद्दीन, दीपक नेहरा, रोहित टोकस, महिला हॉकी टीम, संदीप कुमार, अन्नू रानी, सौरव-दीपिका, किदांबी श्रीकांत, त्रिषा-गायत्री, साथियान
11वें दिन के पदक विजेता
अचंता शरत कमल ने टेबल टेनिस के पुरुष एकल में स्वर्ण जीत लिया है. फाइनल में शरत कमल ने इंग्लैंड के लियाम पिचफोर्ड को 11-13, 11-7, 11-2, 11-6, 11-8 से हरा दिया. शरत पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहे.
बैडमिंटन में भारतीय जोड़ी ने इंग्लैंड की जोड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया है. भारत के सात्विक-चिराग की जोड़ी ने यह मुकाबला 21-15, 21-13 के अंतर से जीता. आज भारत को बैडमिंटन में तीन स्वर्ण पदक मिले . इससे पहले रविवार को एकल मुकाबले के कांस्य पदक को भी भारत के किदांबी श्रीकांत ने जीता था.
टेबल टेनिस में पुरुष एकल मुकाबले में साथियान ने इंग्लैंड के ड्रॉन्कहेल को 11-9, 11-3, 11-5, 8-11, 9-11, 10-12, 11-9 से हराया है. इसके साथ ही उन्होंने कांस्य पदक जीत लिया है.
बैडमिंटन में पुरुष एकल के फाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन ने मलेशिया के एंग जे यॉन्ग को 19-21, 21-9, 21-16 से हराया है. इसके साथ ही उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है.
पीवी सिंधु ने महिला एकल मुकाबले में कनाडा की मिशेल ली को 21-15, 21-13 हराकर स्वर्ण पदक जीता . कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में सिंधु कोई मुकाबला नहीं हारी हैं. हालांकि, टीम इवेंट में भारत को रजत के साथ संतोष करना पड़ा था, लेकिन महिला एकल में सिंधु ने सोना दिलाया है.




