
Bokaro : सरेंडर करने वाले अलग-अलग नक्सली संगठनों के 14 नक्सलियों को अनुदान मिलेगा. सीएम हेमंत सोरेन ने इसपर मंगलवार को स्वीकृति दे दी है. सीएम ने नक्सली संगठनों के सरेंडर करने वाले 14 उग्रवादियों को प्रत्यार्पण और पुनर्वास नीति के तहत पुनर्वास अनुदान राशि को स्वीकृति दी है.
तीन को 4-4 लाख रुपये, नौ को 2-2 लाख रुपये और दो को 1-1 लाख रुपये की राशि का भुगतान पुनर्वास अनुदान के रूप में किया जाएगा. इन उग्रवादियों में 11 भाकपा माओवादी, 2 पीएलएफआई और 1 टीपीसी का सदस्य हैं.
इसे भी पढ़ेंः टैक्स कलेक्टिंग एजेंसी Sparrow को लेकर नगर विकास विभाग और रांची नगर निगम के बीच ठनी
तीन उग्रवादियों को मिलेंगे पुनर्वास अनुदान के रूप में 4-4 लाख रुपये
भाकपा माओवादी के रिजनल कमिटी का सदस्य और खूंटी जिला के अड़की थाना क्षेत्र स्थित बारीगढ़ा का रहनेवाला कुंदन पाहन उर्फ आशीष उर्फ विकास और यहीं के डिम्बा पाहन उर्फ धीरज के अलावा भाकपा माओवादी का जोनल कमांडर व पलामू में सरेंडर करने वाला एनुल खां उर्फ गोविंद को प्रत्यार्पण और पुनर्वास नीति के तहत 4-4 लाख रुपये मिलेंगे.
इसे भी पढ़ेंः NewsWingImpact: धनबाद में सब्जी बेच रही नेशनल आर्चरी खिलाड़ी को उपायुक्त ने दिया 20 हजार का चेक
इन माओवादियों को मिलेगा 2-2 लाख रुपये का पुनर्वास अनुदान
खूंटी जिला के अड़की थाना क्षेत्र के मदहातु का रहने वाला लादु मुंडा उर्फ सानिका मुंडा, खूंटी जिला के अड़की थाना क्षेत्र स्थित गम्हरिया की क्रिस्टोमनी कुमारी, गुमला जिला के पालकोट थाना क्षेत्र स्थित चिरोटांड का दीपक कुजूर, पूर्वी सिंहभूम जिला के गुड़ाबान्दा थाना क्षेत्र स्थित जियान बानबेड़ा का रहने वाला कान्हुराम मुंडा उर्फ अर्जुन उर्फ मंगल (सैक सदस्य), खूंटी जिला के अड़की थाना क्षेत्र स्थित इन्दीपीढ़ी की रहनेवाली व एरिया कमांडर सुनिया कुमारी उर्फ सुनिया मुंडा और दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बांकीजोर का रहनेवाला देवीलाल हांसदा उर्फ छोटा साथी शामिल हैं. इन सभी को दो लाख रुपये पुनर्वास अनुदान के तहत दिए जाएंगे.
इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र स्थित विक्रमपुर गुंदाटोला का रहनेवाला सुंदर मुर्मू उर्फ सुंदर सोरेन और पलामू जिला नवडीहा बाजार थाना क्षेत्र स्थित पाल्हे का रहने वाला राजेंद्र भुईयां को प्रत्यार्पण और पुनर्वास नीति के तहत एक-एक लाख रुपया मिलेगा.
पीएलएफाई के दो और टीपीसी के एक उग्रवादी को भी 2-2 लाख रुपये
पीएलएफआई का एरिया कमांडर व गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र स्थित रेड़वा बरवाटोली का रहने वाला रुबेन केरकेट्टा और सब जोनल कमांडर व गुमला जिले के गुमला थाना क्षेत्र का रहनेवाला प्रकाश उरांव उर्फ राजन को पुनर्वास अनुदान के तौर पर 2-2 लाख रुपये मिलेंगे.
वहीं उग्रवादी संगठन टीपीसी का एरिया कमांडर एवं पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित पचलेवा का रहनेवाला अजय प्रसाद उर्फ रौशन को भी पुनर्वास अनुदान के 2 लाख रुपये मिलेंगे.
इसे भी पढ़ेंः गढवा: उपेक्षा का दंश झेल रहा आदिम जनजाति कोरवा, टूटे फूटे घरों में रहने को विवश




