
Jamshedpur : पंचायत चुनाव-2022 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में पहले चरण के मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है. इसके तहत 13 मई शुक्रवार को जिले के चार प्रखंडों घाटशिला, मुसाबनी गुड़ाबांधा और डुमरिया में चुनाव होना है. इसे लेकर जमशेदपुर के को-ऑपरेटिव कॉलेज स्ट्रांग रूम बनाया गया है.
वहां की व्यवस्था का जायजा लेने जिला निर्वाचन पदाधिकारी(पंचायत) सह उपायुक्त विजया जाधव गुरुवार की शाम पहुंची. इस दौरान वे व्यवस्था से संतुष्ट नजर आयी. उन्होंने बताया कि 13 मई की सुबह आठ बजे से मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बूथ स्तर पर पोलिंग सदस्यों को मतदान सामग्रियों का वितरण किया जाएगा. इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर के चारों स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया.
हालांकि, उन्होंने रात नौ बजे के बाद एकबार फिर स्ट्रांग रुम और उससे जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं के निरीक्षण की भी बात कही. इस बीच उन्होंने स्ट्रांग रूम के अलावा पोलिंग सदस्यों को बैठने के लिए की गई व्यवस्था और वाहन कोषांग का भी जायजा लिया. साथ ही मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने यह भी कहा सभी प्रखंड क्षेत्रों में बूथ तक मतदान सामग्री पहुंचाने और लाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन की व्यवस्था की गयी है, ताकि बगैर किसी व्यवधान के सभी बूथों तक मतदान सामग्रियों को पहुंचाने के साथ उसे स्ट्रांग रुम वापस लाया जा सके. इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है. इसके अलावा मतदान केन्द्रों के साथ पूरे रुट पर सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त व्यवस्था की गई है.
इसे भी पढ़ें: Jamshedpur : मानगो वासियों की समस्याओं को लेकर झारखंड के वित्त मंत्री से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल




