
Palamu: पलामू का पारा अधिकतम तापमान 41 डिग्री पर पहुंच गया है. गुरूवार को अधिकतम तापमान 41.00 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. इस सीजन में गुरूवार का दिन पूरे झारखंड में सबसे गर्म रहा. अब दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है. तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाने लगी है. 72 घंटे में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गयी. सोमवार को अधिकतम तापमान 38.08 रिकार्ड किया गया था, जबकि मंगलवार को अधिकतम पारा 40.02 रहा था. बुधवार को 40.08 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था.
इसे भी पढ़ें: ED Raid: सिमडेगा में राजस्व कर्मचारी और हजारीबाग में CSP संचालक के आवास पर भी छापेमारी
बढ़ रहा है हीट वेब का खतरा
मेदिनीनगर समेत राज्य के कई शहरों में अब हिट वेव के हालात उत्पन्न हो रहे हैं. स्कूल से छुट्टी के बाद दोपहर को घर वापस लौटना अब बच्चों के लिए भी मुश्किल होने लगा है. दिन में 9 बजे से तीसरे पहर 2 बजे तक गर्मी और चिलचिलाती धूप अब लोगों को परेशान करने लगी है. अगले दो से चार दिनों में तापमान चार से पांच डिग्री बढ़ सकता है.
इस बीच मौसम विभाग ने भी साफ कर दिया है कि अभी गर्मी से किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी. तापमान में हो रही बढ़ोतरी का असर दिखने लगा है. इस साल के आंकड़े देखें तो गर्मी का रिकार्ड टूट सकता है क्योंकि मध्य अप्रैल में ही पलामू का तापमान 40 डिग्री के पार जा रहा है.
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा है कि अप्रैल महीने में गर्मी बढ़ने के आसार हैं. अगले पांच दिनों के दौरान राज्य का तापमान 42.0 डिग्री पार कर जाने का अनुमान है. बढ़ते तापमान का असर दिखने लगा है. दोपहर होते ही गर्म हवाएं तेज होने लगती है.




