
Palamu: पलामू जिले के विश्रामपुर प्रखंड के गुरी में जंगली हाथी ने गांव के अजय कुमार मिश्रा (55) को कुचलकर मार डाला. उसने एक गाय की भी जान ले ली है.
बाइक व चापाकल को क्षतिग्रस्त करने और फसलों को नुकसान पहुंचाने की भी सूचना है. पिछले 24 घंटे से गुरी में जंगली हाथी कहर ढाये हुए हैं.
भूसा दुकान पर बैठे थे अजय
गांव में हाथी के घुस आने से अंजान अजय कुमार मिश्रा अपनी भूसा की दुकान पर बैठे थे. इसी बीच विचरण करते हुए हाथी उनकी दुकान पर पहुंचा.
हाथी को देखकर अजय कुमार मिश्रा जब तक संभल पाते और सुरक्षित जगह भागकर छुप पाते, उससे पहले ही हाथी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए मेदिनीनगर पीएमसीएच लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: बीजेपी-आजसू का 19 साल पुराना गठबंधन टूटा, अपने दम पर चुनाव लड़ेंगी दोनों पार्टियां
हाथी भगाने की सारी तरकीबें फेल
विश्रामपुर, रेहला, नावाबाजार, उंटारी रोड और पांडू प्रखंड क्षेत्र से गजराज का आतंक कम नहीं हो पा रहा है. इन प्रखंड क्षेत्रों के किसी ने किसी गांव में झुंड से बिछड़ा एक हाथी घुस जा रहा है और भारी तबाही मचा रहा है.
लंबे समय से इन इलाकों में हाथियों द्वारा उत्पात मचाये जाने के बाद भी उन्हें खदेड़ कर सुरक्षित वन क्षेत्र में पहुंचाया नहीं जा सका है. वन विभाग और प्रशासन की सारी तरकीबें अबतक फेल हुई हैं.
बंगाल से हाथी भगाने के लिए बुलायी गयी स्पेशल टीम भी हाथियों को जंगली क्षेत्र में खदेड़ने में फेल साबित हुई है. नतीजतन, स्थिति प्रतिदिन विस्फोटक होते जा रही है.
इसे भी पढ़ें : कोयला का अवैध कारोबार अब धनबाद के बजाय चांडिल, रांची, रामगढ़ होते हुए, गुप्ता जी हैं संरक्षक
नावाबाजार में दो दिन पहले मचा चुका है भारी तबाही
इससे कुछ दिन पहले जंगली हाथी नावाबाजार के इलाके में घुस आया था और 48 घंटे से नावाबाजार के अलग-अलग इलाकों में भारी उत्पात मचाया था.
कई दुकानों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचाया. छोटे मवेशियों को मार डाला था. हाथी देखे जाने के बाद इलाके के लोग दहशत में हैं.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: पहले चरण के चुनाव तक बीजेपी की चुनावी रणनीति फेल, ना पार्टी बची और ना ही गठबंधन




