JharkhandJharkhand PoliticsJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsMain SliderNEWSRanchiTOP SLIDERTop Story

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ आज, कड़ी सुरक्षा में दोपहर 12 बजे सीएम आवास पहुंचेंगे ईडी अधिकारी

Ranchi: रांची जमीन घोटाले मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी आज पूछताछ कर सकती है. बताया जा रहा है कि ईडी की टीम दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचेगी. इसे देखते हुए ईडी कार्यालय से लेकर राजधानी रांची के कई महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जा रही है. ईडी दफ्तर से सीएम आवास तक 900 से अधिक अतिरिक्त पुलिस बलों को तैनात किया गया है. पूछताछ के दौरान रांची सहित पूरे राज्य में किसी तरह की विधि-व्यवस्था संबंधित संकट उत्पन्न न हो इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. ईडी कार्यालय के सामने बैरिकेडिंग भी की गई है.

बता दें कि रांची में सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन की अवैध तरीके से खरीद-फरोख्त मामले का खुलासा करने के क्रम में ईडी ने रांची के बड़गाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद को गिरफ्तार किया था. भानु प्रताप प्रसाद के आवास से भारी मात्रा में सरकारी दस्तावेज मिले थे. इसके साथ ही उसके मोबाइल से भी कई संदिग्ध दस्तावेज मिले थे. दस्तावेजों की छानबीन और उनसे जुड़े तथ्यों के सत्यापन को लेकर ईडी मुख्यमंत्री से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के लिए ईडी मुख्यमंत्री को सात बार समन कर चुकी थी. ईडी के आठवें समन पर मुख्यमंत्री ने ईडी को पूछताछ के लिए 20 जनवरी का समय दिया था.

ईडी ने सुरक्षा व्यस्था पुख्ता करने को कहा

ईडी की ओर से पुलिस मुख्यालय और मुख्य सचिव को बीते दिनों लिखे गए पत्र में 20 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में होने वाली पूछताछ करने के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने की बात कही गई थी. पूछताछ के लिए आने-जाने के दौरान ईडी के अधिकारियों को सुरक्षा संबंधित कोई परेशानी न हो, किसी तरह की विधि-व्यवस्था बाधित न हो, इसे सुनिश्चित कराया जाय. इसके बाद से ही राज्य पुलिस अलर्ट पर है. सीएम आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. भीड़ को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है.

Related Articles

Back to top button