
Palamu: जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में गुरुवार को राहत के साथ आफत भी आई. बारिश से जहां भीषण से राहत मिली, वहीं वज्रपात होने से दो मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो जख्मी हो गए. दोनों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. उनकी स्थिति चिंताजनक बताई गई है. बताया जा रहा है कि गुरूवार की दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. तेज आंधी चलने लगी. इसके बाद बारिश हुई. इस दौरान वज्रपात भी हुआ, जिससे दो मजदूर 50 वर्षीय उमेश चन्द्रवंशी व 50 वर्षीय नकुल चन्द्रवंशी की मौत हो गई. बताया जाता है कि ग्रामीणों ने आनन फानन में दोनों को हुसैनाबाद के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. जहां ऑन ड्यूटी मौजूद चिकित्सक ने देखने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. जबकि वहीं गम्भीर रूप से घायल 45 वर्षीय शिवशंकर साव व 55 वर्षीय रामजी साव का इलाज किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: पलामू : जेकेएम का अपराधी गिरफ्तार, ईट भट्टा व्यवसायी से रंगदारी मांगने का मामला
जानकारी के अनुसार हैदरनगर थाना क्षेत्र के तेंदुआ कला गांव निवासी उमेश चन्द्रवंशी, नकुल चंद्रवंशी, शिवशंकर साव व रामजी साव गांव में एक आहर का निर्माण कार्य में लगे हुए थे. दिन के करीब 3.45 बजे के आस पास अचानक बारिश होने लगी. बारिश से बचने के लिए वहीं पास में एक गुरही पेड़ के नीचे छिप गए. इसी दौरान हुए वज्रपात होने से चारों उसकी चपेट में आ गए.
ग्रामीणों ने बताया कि निविदा के माध्यम से आहर का निर्माण कार्य किया जा रहा था. उसी में चारों मज़दूर के रूप में काम कर रहे थे. इसकी सूचना मिलते ही हुसैनाबाद बीस सूत्री अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, रतन लाल, समाजसेवी लालटू सिंह आदि अस्पताल पहुंचकर स्वजनों को ढांढस बंधाया और आपदा प्रबंधन राहत कोष से उचित मुआवजा देने की मांग की है.




