JharkhandPalamu

#Palamu: दिसम्बर में टीपीसी की तीसरी वारदात, पांकी के पूर्व विधायक की सिल्दीलिया कंस्ट्रक्शन कंपनी में मचाया उत्पात, हाइवा को जलाया, फायरिंग 

Dilip Kumar

Palamu: पलामू जिले में टीपीसी के उग्रवादी लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं. गुरुवार की रात लेस्लीगंज थाना के समीप हाइवा जलाने और फायरिंग करने की वारदात इस महीने की तीसरी घटना है.

इससे पहले छतरपुर थाना क्षेत्र में गत 16 एवं 20 दिसम्बर को दो हिंसक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. तीसरी घटना करने के बाद टीपीसी के संजीत ने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए अब से निर्माण कार्य शुरू होने से पहले संगठन से परमिशन लेने की हिदायत दी है. कहा गया कि लेस्लीगंज की घटना मात्र झांकी है. अगर दोबारा काम चालू हुआ तो मुंशी और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी, जिसकी जिम्मेवारी संगठन की नहीं होगी.

इसे भी पढ़ें – जानिये वो आठ बड़े कारण जिसने बीजेपी को दिलायी हार

थाना से आधा किलोमीटर दूर हुई घटना

लेस्लीगंज थाना से सटे हाई स्कूल के समीप गुरुवार रात टीपीसी के उग्रवादियों ने जम कर उत्पात मचाया और एक हाइवा में आग लगा दी. उग्रवादियों की ओर से मौके पर कई राउंड फायरिंग भी की गयी. घटना के बाद लेस्लीगंज पुलिस टीपीसी उग्रवादियों की छानबीन में जुट गयी है. घटनास्थल थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर है.

टीपीसी की संलिप्तता की हो रही जांच: एसडीपीओ 

लेस्लीगंज के एसडीपीओ अनुप बड़ाइक ने बताया कि जिस इलाके में घटना हुई, वह एरिया जेजेएमपी का है. इसलिए इस घटना के पीछे टीपीसी की संलिप्तता उजागर नहीं होती, लेकिन घटनास्थल पर मिले एक साथ कई पर्चे और इंसास के खोखा से इस घटना में टीपीसी की भूमिका हो सकती है. उग्रवादियों की संख्या 10-12 बतायी गयी है. उन्होंने कहा कि कंपनी के अनूप जायसवाल के लिखित बयान पर मामला दर्ज किया गया है. छानबीन तेज की गयी है.

बीती रात 11 बजे हुई घटना    

जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 11 बजे टीपीसी के चार उग्रवादी लेस्लीगंज हाईस्कूल के समीप मनोरंजन दुबे के मकान में किराये पर चल रही सिल्दीलिया कंस्ट्रक्शन कंपनी के साइट पर पहुंचे. दो उग्रवादियों ने अंदर जाकर मालिक और मुंशी के बारे में जानकारी ली. वहां उपस्थित कर्मियों ने बताया कि उनके अलावा साइट पर कोई नहीं रहता.

पुआल डाल कर जलाया गया हाइवा 

किसी को वहां नहीं पाकर उग्रवादियों ने वाहनों में आग लगाने के लिए कर्मियों से पेट्रोल या डीजल मांगा, लेकिन डीजल नहीं था. वहीं खड़े हाइवा व ट्रैक्टर में से डीजल निकालने की कोशिश की. दोनों गाड़ियों में भी डीजल नहीं था.

टीपीसी उग्रवादियों ने हाइवा का शीशा तोड़ा और उसमें पुआल भर कर आग लगा दी. फिर मजदूरों को एक कमरे में बंद कर फायरिंग करते हुए फरार हो गये. किसी तरह कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची लेस्लीगंज पुलिस ने कर्मियों को कमरे से बाहर निकाला.

इसे भी पढ़ें – मात्र 4 स्टार्टअप को गर्वमेंट ऑर्डर, हजारों इंडस्ट्री बंद, फैक्ट्रियों की काटी बिजली, कैसे दिया उद्योग में झारखंड को पहला स्थान

पांकी के पूर्व विधायक की है सिल्दीलिया कंस्ट्रक्शन कंपनी

पांकी के विधायक रहे देवेन्द्र कुमार सिंह की सिल्दीलिया कंस्ट्रक्शन कंपनी है. सूचना मिलने पर अगले दिन कंपनी का कार्य देख रहे अनूप जायसवाल मौके पर पहुंचे. स्थिति देखने के बाद मामले के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करायी. कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा लेस्लीगंज के पथरही से झरकटिया होते पोलपोल एनएच 39 तक 14 किलोमीटर सड़क बनायी जा रही है. आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि रात में 15 से 20 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनायी दी. डर के कारण कोई घर से बाहर नहीं निकला.

क्या-क्या मिला मौके से

घटनास्थल से पुलिस को टीपीसी के हस्तलिखित सहित अन्य मिला कर कुल पांच पर्चे मिले हैं, जबकि चार इंसास के खोखे बरामद किये गये हैं. पर्चा में सड़क निर्माण कार्य शुरू करने से पहले टीपीसी संगठन से अनुमति नहीं लेने पर इस घटना को अंजाम देने की जानकारी दी गयी है.

दिसम्बर में अब तक टीपीसी ने तीन घटनाओं को दिया है अंजाम

टीपीसी उग्रवादियों द्वारा दिसम्बर महीने में अबतक तीन घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है. लेस्लीगंज में हाइवा जलाने और फायरिंग करने से पहले छतरपुर थाना क्षेत्र में 16 दिसम्बर और 20 दिसम्बर को उग्रवादियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी थी. 16 दिसम्बर को करमाचेराई में क्रशर संचालक व जेसीबी के ड्राइवर को पीटा था, जबकि 20 दिसम्बर को बाघमारा में पुल निर्माण कार्य में लगे मुंशी और मजदूर को लेवी के लिए पीटा था. हालांकि इसके बाद पुलिस ने टीपीसी के जितेंद्र यादव और शाबिर उर्फ अंगद को गिरफ्तार किया था.

इसे भी पढ़ें – #Yashwant_Sinha ने कहा, टुकड़े-टुकड़े गैंग में सिर्फ दो लोग, दुर्योधन और दुशासन, इशारा किसकी ओर!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button