
Palamu: पलामू बाल गृह से तीन बच्चे फरार हो गए हैं. बच्चों को भागे 16 घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका है. लेकिन उनका कुछ अता-पता नहीं चल पा रहा है. बाल गृह का संचालन कर रही निजी संस्था बच्चों को ढूंढने में लगी है, लेकिन दोपहर तक बच्चों के संबंध में किसी तरह की कोई जानकारी नहीं मिल पायी थी.
संस्था की ओर से पुलिस को भी कोई जानकारी नहीं दी गयी है. शहर थाना प्रभारी आनन्द कुमार मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है.
इसे भी पढ़ेः‘इन्फॉरमेशन डार्कनेस’ के दौर में मीडिया की स्वतंत्रता के सवाल
सोमवार की देर शाम हुए फरार
पलामू सीडब्लूसी द्वारा दिए गए दो बच्चे जिनकी उम्र 14 वर्ष और 10 वर्ष है और गढ़वा सीडब्लूसी से मिला एक नाबालिग (16वर्ष) बाल गृह की 15 से 20 फीट ऊंची दीवार को फांदकर फरार हो गए.
घटना के कुछ देर बाद जब कुछ बच्चों ने उक्त तीनों बच्चों को कहीं नहीं देखा तो इसकी जानकारी वहां के गार्ड राजेन्द्र कुमार को दी. गार्ड ने उनकी खोजबीन की, लेकिन कुछ अता-पता नहीं चला.
14 वर्षीया बच्चा है मास्टरमाइंड
बाल गृह सूत्रों के अनुसार, फरार तीन बच्चों में 14 वर्षीया बच्चा बहुत शातिर था. जबतक वह बाल गृह में रहा, अपना प्रभाव जमाता रहा. बच्चों को डरा-धमका कर रहता था.
बच्चे डर से उसका कहा मानते थे. उसके संगत में पड़कर दो बच्चे उसकी तरह सोच रखने लगे. नतीजा तीनों के वहां से फरार होने की घटना सामने आयी. 14 वर्षीया बच्चा करीब 2 माह पहले आया था, जबकि 16 वर्षीया किशोर एक माह से रहा था. 10 वर्ष का बच्चा एक वर्ष से बाल गृह में पल रहा था.
इसे भी पढ़ेःदुमका डीसी IAS राजेश्वरी बी ने किया ऐसा ट्विट जिससे ब्यूरोक्रेट गलियारे में होने लगी गॉशिप
सुरक्षा मानक के अनुरूप नहीं बाल गृह
बाल गृह की वस्तु स्थिति देखने पर पता चला कि बच्चों को रखने में काफी लापरवाही बरती गयी है. बच्चे बाल गृह से न भागे, इसके लिए कोई प्रबंध नजर नहीं आया.
एक तरफ सेंट्रल जेल की दीवार है तो दूसरी तरह कस्तूरबा विद्यालय की पुरानी चाहरदीवारी. असामान जमीन की स्थिति रहने के कारण चाहरदीवारी कहीं ज्यादा ऊंची है तो कहीं काफी कम हाइट की है. चाहरदीवारी के ऊपर कंटीले तार तक नहीं लगाए गए हैं.
एक गार्ड के भरोसे 17 बच्चे
बाल गृह में फिलवक्त 8 से लेकर 17 वर्ष तक के 17 बच्चे हैं. लेकिन तीन बच्चों के भागने के बाद उनकी संख्या 14 रह गयी है. इन बच्चों की सुरक्षा के लिए मात्र एक गार्ड मुहैया कराया गया है.
53 वर्षीय गार्ड राजेन्द्र कुमार ने बताया कि गेट से लेकर कैंपस की सुरक्षा देने में भारी परेशानी होती है. हालांकि, उनका मेन काम मुख्य गेट पर ही है, लेकिन अकेला होने के कारण उन्हें हर तरफ ध्यान देना पड़ता है. रात में देखरेख के लिए एक टार्च तक मुहैया नहीं करायी गयी है.
संस्था पर होगी कार्रवाई: सीडब्लूसी
बाल कल्याण समिति पदाधिकारी धीरेन्द्र किशोर ने बताया कि उन्हें इस संबंध में मौखिक जानकारी मिली है. इसडो नामक संस्था बाल गृह की देखरेख कर रही है. उसे शोकॉज करने की तैयारी है. बच्चे किस परिस्थति में भाग गये, इसकी जांच की जायेगी.
सुरक्षा मानक का अनुपालन करने के सवाल पर सीडब्लूसी पदाधिकारी ने बताया कि अगर संस्था से बाल गृह नहीं संभल पा रहा है, तो सरेंडर कर दें.
दूसरी संस्था को इसकी जिम्मेवारी सौंपी जायेगी. सीडब्लूसी की चेयरपर्सन शैल कुमारी ने बताया कि जिन बच्चों पर प्राथमिकी दर्ज नहीं होती, उसे बाल गृह में फॉर्म 18 भरकर रखा जाता है.
बच्चों को बाल गृह भेजने के बाद संस्था की पूरी जिम्मेवारी बनती है कि वह बच्चों को सुरक्षित रखे. समिति के सदस्य ब्रज बिहारी किशोर ने बताया कि बाल गृह को सभी तरह की सरकारी सुविधा मुहैया करायी गयी है, लेकिन संस्था किन कारणों से लापरवाही बरत रही है, यह जांच का विषय है.
संस्था की ओर से नहीं मिला जवाब
संस्था के महासचिव सह बाल गृह के अधीक्षक पंकज लोचन से इस संबंध में उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.
इसे भी पढ़ेःअनुच्छेद 370 पर राहुल गांधी ने तोड़ी चुप्पीः कहा- फैसला संविधान का उल्लंघन और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा




