
New Delhi: जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने और राज्य को दो टुकड़ों में बांटने के मोदी सरकार के फैसले के एक दिन बाद पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस पर चुप्पी तोड़ी है.
इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इसे संविधान का उल्लंघन बताया है. गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के इस फैसले का पुरजोर विरोध कर रही है. और राज्यसभा में सोमवार को इस प्रस्ताव के खिलाफ वोट किया है.
इसे भी पढ़ेंःदुमका डीसी IAS राजेश्वरी बी ने किया ऐसा ट्विट जिससे ब्यूरोक्रेट गलियारे में होने लगी गॉशिप
‘राष्ट्र लोगों से बनता है, जमीन से नहीं’
राहुल गांधी ने कहा है कि केंद्र सरकार के इस फैसले से राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्र उसके लोगों से बनता है ना कि जमीन के टुकड़े से.
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों को जेल में डालकर संविधान का उल्लंघन किया गया है. साथ ही कहा कि जम्मू-कश्मीर के इस तरह टुकड़े करके राष्ट्रीय एकता को मजबूत नहीं किया जा सकता है.
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल राज्यसभा में पेश किया. जहां कांग्रेस ने इसका विरोध किया था. और फिर मंगलवार को लोकसभा में जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन बिल को पेश किया था.
सोमवार को राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन बताया था. कांग्रेस के अलावा टीएमसी, पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने इसका विरोध किया है.
इसे भी पढ़ेंःकोल कारोबारी अग्रवाल, साहू और अफसरों का करीबी गुप्ता देता है गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव को संरक्षण




