
Palamu: जिले के पाटन थाना क्षेत्र के जागोडीह में एक युवती द्वारा जबरदस्ती कहीं विवाह कराये जाने का विरोध करने पर पंचायत लगाकर तुगलगी फरमान जारी करने वाले तीन लोगांे को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 10 के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. कई अज्ञात पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है. बताते चलें कि दो दिन पहले पाटन के जागोडीह पंचायत क्षेत्र में एक 25वर्षीय युवती की पंचायत लगाकर लाठी डंडे से पिटाई की गयी थी और जलील करते हुए उसके सिर के बाल जैसे तैसे काट दिए गए थे. चूना का टिका लगाकर और जूते चप्पल का माला पहनाकर गांव से बाहर छेछानी जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया था. युवती पूरी रात जंगल में ही एक पेड़े के नीचे डरी सहमी रही. सोमवार को उसे पाटन पुलिस जंगल से बेसुध बरामद कर पहले पाटन सीएचसी में, उसके बाद एमआरएमसीएच मेदिनीनगर में इलाज कराया था.
इसे भी पढ़ें: पलामूः डीसी का आदेश दरकिनार, पांच दिन बाद भी नहीं हुई पंचायत सचिव पर कार्रवाई
पाटन के थाना प्रभारी गुलशन गौरव ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर 10 लोगांे के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि नामजद में से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कई अज्ञात पर भी मुकदमा दर्ज हुआ है. नामजद और अज्ञात के मामले में गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही है. उन्होंने बताया कि एमआरएमसीएच में इलाज के बाद युवती स्वस्थ हो गई थी. उसे उज्जवला गृह में रखा गया है.
चचेरे भाई ने बुलाई थी पंचायत
जानकारी मिली है कि बिन मां-बाप की युवती जब घर से शादी के दिन कहीं चली गई थी और करीब एक महीने बाद उसने अपने बारे में जानकारी दी तो उसे आनन फानन में घर लाया गया और नाम कलंकित करने और परिवार की इमेज खराब करने के आरोप में उसके परिजनों एवं अन्य ग्रामीण जनता के द्वारा पंचायत लगाकर प्रताड़ित करने के साथ साथ जलील करने की वारदात को अंजाम दिया गया है. पंचायत युवती के चचेरे भाई द्वारा बुलाने की जानकारी मिली है.




