
Palamu: जिला मुख्यालय मेदिनी नगर के शिवाला घाट स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चोरी हो गई है. अष्टधातु से बनी लड्डू गोपाल की मूर्ति और भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का मुकुट और कान का हिस्सा चोरी हो गया है. अष्टधातु की मूर्ति लाखों की बताई जा रही है. जबकि मुकुट चांदी का था. सूचना मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अभय कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे और कई स्तरों पर जांच की. सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला गया. इसमें एक युवक चोरी करता नजर आ रहा है. पुलिस उक्त युवक की पहचान में जुट गई है.

इधर इस घटना के बाद से मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों ने अविलंब चोरी में शामिल युवक की गिरफ्तारी की मांग की है. मंदिर के पुजारी सुनील चौबे एवं देखरेख करने वाले गणेश गिरी ने संयुक्त रूप से बताया कि मंगलवार की अहले सुबह जब मंदिर का पट खोला तो देखा कि चोरी हो गई है. लड्डू गोपाल की मूर्ति और भगवान विष्णु और लक्ष्मी जी का मुकुट गायब है. इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. उन्होंने बताया कि अष्टधातु की मूर्ति की कीमत लगाना मुश्किल है. उन्होंने बताया कि मंदिर की स्थापना 1867 में हुई थी और करीब डेढ़ सौ साल से लड्डू गोपाल की मूर्ति मंदिर में थी.
मंदिर के पीछे के दरवाजे में लगे ताले को तोड़कर चोरी
जानकारी मिली है कि कोयल नदी किनारे की ओर से शिव मंदिर में आने जाने के लिए एक छोटा गेट बना हुआ है. इस गेट में लगे ताले को तोड़कर चोर अंदर घुसा और चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरी करते समय चोर की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.उसने अपने चेहरे को रुमाल से बांध रखा है, जबकि जूता पहन कर घुसा नजर आ रहा है. पहले उसने लड्डू गोपाल की अष्टधातु की मूर्ति गायब की. उसके बाद एक-एक करके भगवान विष्णु और लक्ष्मी जी का मुकुट गायब किया.
इसे भी पढ़ें: विधायक ढुल्लू महतो की मां का निधन, विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर




