Palamu

पलामू पुलिस को मिली दोहरी सफलता-इनामी नक्सली और RCC का सरगना गिरफ्तार

Palamu: नक्सलियों और अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में पलामू पुलिस को दोहरी सफलता मिली है. पुलिस ने जहां एक ओर प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के कुख्यात नक्सली देववंश यादव उर्फ अवधेश यादव को गिरफ्तार किया है.

वहीं आपराधिक संगठन आरसीसी के मुख्य सरगना अमरजीत यादव उर्फ परमजीत को भी धर दबोचा है.

इसे भी पढ़ेंःकैबिनेट से मंजूरी के 6 महीने बाद CM ने लगायी पुलिसकर्मियों के 13 महीने के वेतन पर मुहर

रांची से गिरफ्तार हुआ इनामी नक्सली

पलामू एसपी अजय लिंडा ने शुक्रवार पत्रकारों को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक लाख के इनामी नक्सली देववंश यादव को रांची के रातू स्थित कमरे से गिरफ्तार किया गया है.

उन्होंने बताया कि पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र निवासी देववंश यादव के खिलाफ पांकी थाने में आठ संगीन मामले दर्ज हैं.
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर शहर अंचल के पुलिस निरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया.

इस टीम ने रांची में स्थानीय थाना के सहयोग से देववंश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. इस टीम में शहर थाना के सहायक अवर निरीक्षक मो. नबी अंसारी, हवलदार दिवाकर कुमार, आरक्षी शशि कुमार, सत्येन्द्र कुमार यादव, दिलीप हांसदा और चालक सुशील कुमार सिन्हा शामिल थे.

नौडीहा थाना क्षेत्र से आरसीसी का सरगना गिरफ्तार

इधर, जिले के नौडीहा थाना क्षेत्र से एक लोडेड देसी कट्टा के साथ आपराधिक संगठन आरसीसी के मुख्य सरगना अमरजीत यादव उर्फ परमजीत जी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

इसे भी पढ़ेंःएक और आइएएस शशिकांत सेंथिल ने दिया इस्तीफा, कहा- ध्वस्त हो रहीं लोकतांत्रिक संस्थाएं, पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस हार्डकोर अपराधी की गिरफ्तारी भी गुप्त सूचना के आधार पर हुई है. अमरजीत यादव पड़ोसी राज्य बिहार के गया जिला अंतर्गत कोठी थाना क्षेत्र का रहने वाला है.

उन्होंने बताया कि 2012 से ही अमरजीत यादव संगीन वारदातों को अंजाम देता रहा है.

आरसीसी में एक दर्जन अपराधकर्मी हैं शामिल

वह 2012 में नक्सली कांड में चतरा जिले के प्रतापपुर थाने से जेल जा चुका है. अमरजीत प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीपीसी के लिए भी काम कर चुका है.

वर्तमान में वह आरसीसी नाम से एक संगठन तैयार कर लेवी और रंगदारी वसूलने जैसी आपराधिक घटनाओं का अंजाम दिया करता था.
एसपी ने बताया कि इस गिरोह में करीब एक दर्जन अपराधकर्मी शामिल हैं. पूर्व में भी इस गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.

सीमावर्ती बिहार क्षेत्र में सक्रिय है आपराधिक गिरोह

एसपी लिंडा ने यह भी बताया कि यह गिरोह गया जिले के डोबी, डुमरिया, इमामगंज, कोठी, सलइया और पलामू जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है. इस अपराधी के खिलाफ पलामू, गया और चतरा के विभिन्न थानों में नौ मामले दर्ज हैं.

उन्होंने बताया कि इस अपराधी को गिरफ्तार करने वाली टीम का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अरूण कुमार सिंह और छतरपुर के एसडीपीओ शंभू कुमार सिंह ने किया.

टीम में नौडीहा बाजार के थाना प्रभारी स्वपन कुमार, हवलदार शांति राम महतो, आरक्षी छोटे लाल कुमार, श्रवण कुमार पासवान, हवलदार जुरेन्द्र सोय, आरक्षी तस्दूक अंसारी के अलावा जैप-4 थाना रिर्जव गार्ड भी शामिल थे.

इसे भी पढ़ेंः#NewTrafficFine : देखिये VIDEO, फाइन वसूलने के बहाने पुलिस कर रही अपराधियों जैसा सलूक

Related Articles

Back to top button