
Palamu: जिले के पांकी के थाना प्रभारी रंजीत कुमार को जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने मंगलवार को निलंबित कर दिया. थाना प्रभारी के खिलाफ नावा बाजार थाना के वारंटी को पकड़कर छोड़ देने का आरोप है. मामले में लापरवाही सामने आने पर एसपी ने थाना प्रभारी को निलंबित करते हुए रंजीत कुमार का मुख्यालय पुलिस लाइन मेदिनीनगर बनाया है. मिली जानकारी के अनुसार नावा बाजार थाना में NDPS एक्ट की धाराओं में पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले बिट्टू पांडे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. एफआईआर के बाद से आरोपी कई महीने से फरार था. नावा बाजार थाना की पुलिस ने पूरे मामले में आरोपी के खिलाफ कोर्ट से वारंट भी लिया था. इस वारंट की जानकारी पांकी थाना की पुलिस को भी मिली थी.
थाना प्रभारी रंजीत कुमार पर आरोप है कि वारंटी को उन्होंने पकड़ लिया था. इस दौरान वारंटी का वाहन भी पकड़ा था. वारंटी पकड़ कर थाना लाया गया, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया. जब इस मामले की जानकारी पुलिस के वरीय अधिकारियों को हुई तो उन्होंने पांकी और पिपराटांड़ थाना से जानकारी मांगी. वरीय अधिकारियों ने जांच में पाया कि वारंटी को पकड़ कर छोड़ा गया है. पुलिस के पास जानकारी थी कि वारंटी गंभीर धाराओं में फरार है. इसके बावजूद उसे छोड़ा गया.जांच के बाद थाना प्रभारी रंजीत कुमार को निलंबित करने का निर्णय लिया गया।
बता दें कि रंजीत कुमार 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर है और पांकी थाना में वे पिछले 1 वर्ष से तैनात हैं. एसपी ने बताया कि थाना प्रभारी को निलंबित किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.




