lok sabha election 2019Palamu

पलामू लोकसभा चुनावः स्थानीय-बाहरी प्रत्याशी के साथ मोदी फैक्टर भी महत्वपूर्ण

Dilip Kumar

Palamu: जैसे-जैसे पलामू लोकसभा चुनाव क्षेत्र में प्रचार अभियान जोर पकड़ता जा रहा है, वैसे-वैसे मतदाता मतदान को लेकर खुल कर बात करने लगे हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में पलामू लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों को लेकर जो तस्वीरें उभरकर सामने आ रही है, उसमें बाहरी-भीतरी प्रत्याशी बनाम मोदी फैक्टर काम करता दिख रहा है.

हालांकि चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार वीडी राम अपने पांच वर्ष के कार्यकाल को भी गिना रहे हैं, लेकिन उनका भी मानना है कि देश को अभी नरेन्द्र मोदी की जरूरत है, इसलिए मोदी को मजबूत करने के लिए उन्हें स्पोर्ट करें.

इसे भी पढ़ेंः पलामू लोकसभा सीटः भाजपा-बसपा सहित 13 प्रत्याशियों को कारण बताओ नोटिस

राजद प्रत्याशी दे रहे स्थानीय होने का हवाला

इधर, महागठबंधन के राजद प्रत्याशी घुरन राम मोदी सरकार की कथित विफलताओं और स्थानीय होने का हवाला देकर वोट मांगते दिख रहे हैं.

अपने 18 महीने के अल्पकाल में किए गए कार्यों का उल्लेख करने से घुरन राम पीछे नहीं हट रहे हैं. उनका यह भी कहना है कि जनता उन्हें पांच वर्ष का समय दें, उनकी उम्मीदों को कभी टूटने नहीं देंगे.

इनके अलावा अन्य 17 प्रत्याशी भी विकास के नये एजेंडे के साथ चुनाव प्रचार कर रहे हैं. जोड़-तोड़ की गणित बिछाकर अपनी जीत पक्की मान रहे हैं.

इसे भी पढ़ेंःझारखंड के उन उम्मीदवारों को जानिए जिनकी जीतने की संभावना है कम, लेकिन…

वोटरों का कैसा है मिजाज?

इन सबके बीच वोटरों का मन-मिजाज क्या है, इसकी भी जानकारी लेने की कोशिश की गयी. गढ़वा के जरगढ़ गांव के उमेश नामक युवक से जब उसकी पसंद पूछी गयी तो उसने साफ कहा कि सांसद वीडी राम को तो उसने 5 साल में 1 दिन भी नहीं देखा. लेकिन मोदी जी देश के लिए अच्छा काम कर रहे हैं. इसलिए उन्हें ही एक बार और मौका देना चाहेंगे.

बाहरी उम्मीदवार को वोट नहीं करेंगे

वहीं, इसी गांव के अमरेश ने कहा कि बाहरी उम्मीदवार को वोट नहीं देंगे, बल्कि राजद प्रत्याशी घुरन घर का बेटा है, इसलिए वे उसे ही पसंद करते हैं. क्योंकि व्यक्तिगत रूप से वे घुरन को पहचानते भी हैं. कुछ ऐसी ही मिलती-जुलती प्रतिक्रिया आसपास के इलाके के ग्रामीणों ने भी दी.

इसे भी पढ़ेंः हजारीबाग लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल साहू ने किया नामांकन 

मोदी ने देश का मान बढ़ाया है

तिलदाग के सुलेमान ने कहा कि इस बार पलामू लोकसभा चुनाव में हम लोग बाहरी-भीतरी प्रत्याशी के नाम पर मतदान करेंगे. अपने लोकसभा चुनाव क्षेत्र का प्रत्याशी घुरन राम है. इसलिए हम उन्हीं को चुनेंगे.

बेलचम्पा में चाय नाश्ता की दुकान चलाने वाले एक युवक ने कहा कि मोदी कुछ किया या नहीं, लेकिन देश का मान बढ़ाया है. इसलिए भाजपा प्रत्याशी वीडी राम भले ही बाहरी हैं, लेकिन वह मोदी को देखकर प्रभावित है.

वहीं यहीं के एक युवक विकास ने साफ कहा कि उसके इलाके में यूपीए प्रत्याशी घूरन राम के पक्ष में मतदाता मतदान करने के प्रति खासा उत्साहित हैं.

कौन बाजी मारेगा ?

चर्चा के बीच आम लोगों की मान्यता है कि इस बार के चुनाव में जहां एक बार फिर मोदी फैक्टर प्रभावी दिख रहा है, वहीं दूसरी ओर बाहरी बनाम भीतरी की लड़ाई भी प्रत्याशियों को लेकर चुनावी माहौल में चल रही है.

ऐसे में कौन बाजी मारेगा, यह तो 23 मई को पता चलेगा. मगर इतना तय है इस बार पलामू लोकसभा चुनाव में क्षेत्र से बाहर के प्रत्याशी बनाम स्थानीय प्रत्याशी के साथ-साथ मोदी फैक्टर चुनाव को प्रभावित करेगा.

इसके अतिरिक्त भाजपा प्रत्याशी के विरोध में एंटी इनकम्बेंसी भी काम कर रहा है. इससे भी इनकार नहीं किया जा सकता है.

इसे भी पढ़ेंःसाम्प्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए बीजेपी के पास प्रज्ञा ठाकुर जैसे ही…

Related Articles

Back to top button