
Palamu : जिला मुख्यालय डालटनगंज शहर थाना क्षेत्र के कुंड मोहल्ला स्थित महाकालेश्वर मंदिर में पूजा करने गयी एक वृद्ध महिला की जलने से मौत हो गयी. महिला की पहचान कुंड मोहल्ला निवासी मीना देवी (60वर्ष), पति रामनारायण प्रसाद के रूप में हुई है. महिला की साड़ी में मंदिर में जल रहे दीये से आग लगी और देखते देखते पूरा शरीर जल गया. घटना सोमवार की पूर्वाहन 11 बजे के आस पास की है. घटना का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आयी है.
बताया जाता है कि मीना देवी हर दिन कुंड मोहल्ला स्थित महाकालेश्वर मंदिर में पूजा करने जाया करती थी. सोमवार को पूर्वाहन में भी गयी थी. पूजा से पहले महिला मंदिर की साफ-सफाई कर रही थी. इसी बीच उसकी साड़ी में आग लग गयी. आग लगने के कुछ देर बाद महिला को इसका आभास हुआ.
तबतक आग काफी तेज हो गयी थी और साड़ी से होते हुए अन्य कपड़े में पकड़ ली थी. आग लगते ही महिला घबरा कर मंदिर से बाहर निकली. स्थानीय लोगों ने इस दृश्य को देखा तो दंग रह गए.
सभी ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी सहित अन्य माध्यम से महिला के शरीर पर पानी डाला और आग बुझाई. बाद में आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल और फिर डॉ. रोहित पांडेय के अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसी क्रम में रात करीब 10 बजे के आस पास उसकी मौत हो गयी. मंगलवार की दोपहर महिला के शव का दाह संस्कार किया गया.
इसे भी पढ़ें:Pakistan की कराची यूनिवर्सिटी में ‘सुसाइड हमला, 3 चीनी नागरिकों सहित 4 की मौत, देखें VIDEO
इधर, सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने पर जिले के एसपी चंदन कुमार सिन्हा और शहर थाना प्रभारी अरूण कुमार महथा ने मामले में संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच के लिए टीओपी वन प्रभारी रेवाशंकर राणा को मौके पर भेजा. टीओपी वन प्रभारी ने मामले में परिजनों से जानकारी ली है.
जानकारी मिली है कि महिला के तीन पुत्र हैं. पति का कन्नी राम चौक के समीप मेडिकल शॉप है. एक पुत्र एमआर है, जबकि दो पुत्र भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत हैं.
इसे भी पढ़ें:झुकेगा नहीं.. पुलिस कस्टडी में भी जिग्नेश मेवाणी पर चढ़ा ‘पुष्पा’ का खुमार




