
Palamu: पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह के रहने वाले गुठाली भुइयां के 22 वर्षीय पुत्र मुकेश भुइयां की लाश बरामद की गई है. मुकेश का शव मनातू थाना क्षेत्र के ललकीमाटी जंगल से शव बरामद हुआ है. मुकेश पिछले मंगलवार को अपने ससुराल तरहसी थाना क्षेत्र के गोइंदी गया था. हालांकि ससुराल वालों का कहना है कि मुकेश नहीं आया था. इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मनातू थाना में मामला दर्ज किया गया है. मनातू के थाना प्रभारी पवन कुमार यादव ने बताया कि ललकीमाटी जंगल में युवक का शव मिलने के बाद पुलिस टीम भेजकर उसे बरामद किया गया. शव देखने से पता चलता है कि जहरीला पदार्थ खाने या खिला देने से उसकी मौत हुई होगी. मुंह के हिस्से में हल्का ब्लड निकला हुआ था. झाग भी आ रहा था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पूरी तरह स्थिति स्पष्ट होगी कि मौत कैसे हुई. रिपोर्ट के अलावा पुलिस अन्य बिन्दुओं पर भी छानबीन कर मामले को स्पष्ट करने की कोशिश करेगी.
इसे भी पढ़ें: पलामू: आईआरबी-10 के पारण परेड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा- जैप 8 परिसर में घटिया निर्माण की होगी जांच
इधर, मेदिनीनगर में पोस्टमार्टम कराने आए मुकेश के भाई माधव भुइयां ने बताया कि मुकेश पिछले मंगलवार को घर से ससुराल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा. तीन दिन पहले ससुराल में संपर्क करने पर वहां से बताया गया कि मुकेश यहां नहीं आया है. इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई. सोमवार की दोपहर चरवाहों के द्वारा सूचना दी गई कि ललकीमाटी जंगल में एक युवक का शव पड़ा है. बाद में शव की पहचान मुकेश के रूप में हुई. माधव ने जानकारी दी है कि मुकेश और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. एक महीने पहले उसकी पत्नी विवाद के बाद अपने मायके चली गई थी. चार वर्ष पहले मुकेश की शादी हुई थी. एक बच्चा भी है. मुकेश ससुराल यह कहकर गया था कि वह पत्नी को लेकर आयेगा. पत्नी के नहीं आने पर बच्चे को साथ ले आयेगा.अचानक उसकी लाश मिली.




