JharkhandPalamu

पलामू : फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर से दिनदहाड़े 9.22 लाख की लूट

Palamu : मेदिनीनगर शहर के गणेश लाल अग्रवाल महाविद्यालय के समीप मंगलवार को फाइनेंस कंपनी के दो कर्मियों से दिनदहाड़े 9 लाख 22 हजार रुपये की लूट हो गयी. घटना के बाद पुलिस छानबीन में जुट गयी है. शुरूआती जांच में पुलिस मामले को संदिग्ध मान कर चल रही है. शहर थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों कर्मियों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है. पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी.

पहले  बाइक से मारी टक्‍कर, फिर बैग ले भाग गये अपराधी

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3.30 बजे भारत फाइनेंस इनक्लूजिंग लिमिटेड कंपनी के ब्रांच मैनेजर उपेंद्र कुमार और सरवर अंसारी ब्रांच से 9 लाख 22 हजार रुपये लेकर मोटरसाइकिल से बैंक ऑफ इंडिया की बाजार शाखा जा रहे थे. इसी क्रम में सीआरपीएफ कैंप से महज 50 गज दूर और अग्रवाल महाविद्यालय कॉलेज शाखा के सामने दो मोटरसाइकिल सवारों ने पीछे से कर्मियों की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी.

टक्कर के बाद कर्मियों का मोटरसाइकिल पर से नियंत्रण हट गया और वे गिर गए. इसी बीच मोटरसाइकिल सवार दोनों पर गलती दिखाते हुए मारपीट पर उतारू हो गए. लेकिन मौका मिलते ही एक युवक कर्मियों के रुपयों के भरा बैग लेकर मोटरसाइकिल पर बैठ गया और मुख्य सड़क (पांकी रोड) की ओर भाग निकला. घटना की सूचना मिलने पर मेदिनीनगर अंचल के पुलिस निरीक्षक तरूण कुमार और थाना प्रभारी आनन्द कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर छानबीन तेज कर दी है.

छोटे-छोटे महिला समू‍हों को देते थे पैसे

ब्रांच मैनेजर ने बताया कि उनकी कंपनी छोटे-छोटे महिला समूहों को पैसे फाइनेंस करती है. उनके यहां नौ कर्मी हैं. समूहों से पैसा कलेक्शन किया गया था. 9.22 लाख रूपये कलेक्शन के बाद उसे बैंक में जमा करने के लिए बीओआइ की बाजार शाखा में जा रहे थे.

Related Articles

Back to top button