
Palamu: पलामू जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में लोक अदालत का आयोजन किया गया. इसकी अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार चौबे व संचालन सचिव अर्पित श्रीवास्तव ने किया. लोक अदालत में मामले निस्तारण के लिए 9 पीठों का गठन किया गया था. इसमें सुलह समझौते के आधार पर कुल 57 मामले निपटाए गए. वही 9 लाख 77 हजार 900 रुपये के मामले सेटल हुए.
इसे भी पढ़ें: पलामू प्रमंडल में 2.32 लाख लोग सवर्जन पेंशन से जुड़े, मिला जीने का सहारा
पीठ संख्या एक में पारिवारिक विवाद से संबंधित दो मामले का निस्तारण किया गया. पीठ संख्या दो में एमएसीटी व जिला सत्र न्यायाधीश कोर्ट के 33 मामले का निस्तारण किया गया. पीठ संख्या तीन में 11 मामले का निस्तारण किया गया. पीठ संख्या चार में सिविल जज सीनियर डिवीजन कोर्ट के एक मामले का निस्तारण किया गया.पीठ संख्या आठ में रेलवे से संबंधित एक मामले का निस्तारण किया गया. पीठ संख्या आठ में प्री लिटिगेशन से संबंधित 9 मामले का निष्पादन किया गया. अन्य पीठों में एक भी मामले का निष्पादन नहीं हो सका.
इस तरह विद्युत विभाग को दो लाख 52 हजार, वन विभाग को 35 हजार 500 रुपये व उत्पाद विभाग को 14 हजार 300 रुपये व रेलवे को 1000 रुपए राजस्व की प्राप्ति हुई. एमएसीटी के एक मामले में पांच लाख रुपये का मामला सेटल किया गया.
मौके पर डीजे संतोष कुमार, कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश मार्तण्ड प्रताप मिश्रा, आनंदा सिंह, संजय सिंह यादव, सतीश कुमार मुंडा, रितु कुजुर, परमानंद उपाध्याय, अधिवक्ता शशिभूषण, प्रदीप कुमार, अशोक कुमार मिश्रा, हुसैन वारिश, अजय पांडेय, सतीश कुमार दुबे, संजय कुमार सिन्हा, बीना मिश्रा समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे.




