
Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित निशन हाट कॉलोनी निवासी डीवीसी पावर प्लांट के सीएचपी में बतौर सप्लाई मजदूर के रुप में कार्यरत तथा प्रतिबंधित मजदूर संगठन समिति के पूर्व केंद्रीय महामंत्री बच्चा सिंह को एनआईए की टीम ने शुक्रवार को रांची में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. इसके पूर्व एनआईए की टीम ने बच्चा सिंह को पूछताछ के लिए 3 जनवरी को रांची में बुलाया था. बोकारो थर्मल थाना के इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह ने पूछे जाने पर कहा कि एनआईए ने बच्चा सिंह को पूछताछ के लिए रांची बुलाया था और इसको लेकर एक नोटिस तामिला करने को दिया गया था. उक्त नोटिस को 1 जनवरी को बच्चा सिंह को तामिला करवा दिया था. सरकार द्वारा मजदूर संगठन समिति को प्रतिबंधित कर दिए जाने के बाद से डीवीसी पावर प्लांट में सप्लाई मजदूरों की नयी समिति असंगठित मजदूर मोर्चा का गठन किया गया था, परंतु बच्चा सिंह उक्त संगठन में किसी भी पद पर नहीं थे. इसके पूर्व वर्ष 2022 में बोकारो थर्मल के तत्कालीन थाना प्रभारी सुजय विद्यार्थी ने बच्चा सिंह को गिरफ्तार किया था.बाद में मजदूर संगठन समिति में कार्य के दौरान भी उनकी गिरफ्तारी हुई थी. बच्चा सिंह के परिजनों का कहना था कि 3 जनवरी को एनआईए के बुलावे पर वे रांची गये परंतु लौटकर घर नहीं आये हैं. बच्चा सिंह बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी पावर प्लांट के सीएचपी में संवेदक केसी कंस्ट्रक्शन में बतौर सप्लाई मजदूर कार्यरत है.




