
Deoghar : जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर रेलवे ओवर ब्रिज के पास सोमवार को घटी एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. दुर्घटना में दो युवक घायल हो गये.
घायल युवक बादल कुमार (23 वर्ष) व सिकंदर दास (30 वर्ष) का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है. जबकि मृतक विकास कुमार दास (25 वर्ष) का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में रखा गया है.
तीनों एक बाइक पर सवार होकर जसीडीह चटर्जी मैदान से क्रिकेट मैच देख कर संथाली अपने घर लौट रहे थे. लेकिन अत्यधिक शराब के नशे में होने के कारण वह संथाली की ओर न जाकर बाइक से चकाई मोड़ होते हुए मानिकपुर की ओर जाने लगे.
इसे भी पढ़ें : धनबाद : रंगदारी को लेकर BCCL कुसुंडा एरिया में अपराधियों ने मचाया उत्पात, फायरिंग भी की
इसी क्रम में दोपहर 3:30 बजे के आसपास मानिकपुर रेलवे ओवर ब्रिज के पास एक अज्ञात वाहन से बाइक टकरा गयी. जिससे विकास की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.
जबकि घायल सिकंदर दास व बादल कुमार को पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया. जहां दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलने के बाद जसीडीह थाना प्रभारी मनोज कुमार ने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवा दिया. सदर अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम किये जाने को लेकर परिजनों ने विरोध किया.
लेकिन पुलिस द्वारा समझाने बुझाने का काम खबर लिखे जाने तक जारी है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है. जसीडीह पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. वहीं अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया. फिलहाल जसीडीह पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
इसे भी पढ़ें : DGP ने दी चेतावनी- PLFI के बचे-खुचे उग्रवादी हथियार डाल दें, वरना जिदन जैसा ही होगा हश्र




