
Ramgarh: सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत मंगलवार को उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता समाहरणालय कर्मियों और अधिकारियों ने कांकेबार अवस्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस दौरान उप विकास आयुक्त रोबिन टोप्पो, अनुमंडल पदाधिकारी शीलवंत कुमार भट्ट सहित कई जिलास्तरीय वरीय अधिकारी मौजूद थे. उपायुक्त ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की आजादी के समय देश लगभग 550 से ज्यादा रियासतों में बंटा हुआ था और जिस प्रकार से सरदार वल्लभभाई पटेल ने सभी रियासतों को देश में मिलाने के लिए कार्य किया इसी कारण उन्हें महात्मा गांधी के द्वारा लौह पुरुष की उपाधि दी गई थी. आज का दिन हम सभी के लिए एक प्रेरणा लेने का दिन है कि किसी भी कार्य के दौरान हम सबसे पहले अपने राष्ट्र को रखें एवं एकता के साथ देश के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें.

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने समाहरणालय सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने, देशवासियों के बीच इस संदेश को फैलाने का भरसक प्रयत्न करने, देश की एकता की भावना से शपथ लेने जिसे सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका है तथा देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने की सत्यनिष्ठा से संकल्प करने की शपथ दिलाई.




