
Ranchi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा के एक साल पूरा होने के अवसर पर पूरे देश में गुरूवार को पदयात्रा निकाली गई. रांची में यह यात्रा शहीद चौक से भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल कोकर तक निकाली गयी. इस पद यात्रा में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित भारी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए.

इस मौके पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि यह पद यात्रा राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा के वर्षगाँठ के रूप में तो निकाली ही जा रही है लेकिन यह आज के लिए जरूरत भी हो गयी है क्योंकि भाजपा हिन्दू मुस्लिम तो करती ही है लेकिन अब इंडिया और भारत को अलग अलग कर देश को बांटने का प्रयास कर रही है. मोदी जी देश को तोड़ने का काम करते हैं और राहुल गांधी देश को जोड़ने का का काम करते हैं, इसलिए यह पदयात्रा आज बेहद ही प्रासंगिक है.
वहीं भगवान बिरसा समाधि स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एकता और प्रेम की दिशा में उठाये गये करोड़ो कदम देश की बेहतर कल की नींव बन गई और यह नफरत मिटाने और भारत को एक होने तक जारी रहेगी. भारत जोड़ो यात्रा एक जनआंदोलन है. यह यात्रा आर्थिक असमानताओं, महंगाई, बेरोजगारी, समाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए की गई थी. उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता बाहर करने उल्टी गिनती शुरू हो गई है. उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा हर भारतीय को तब तक प्रभावित करेंगी जब तक नफरत खत्म नहीं होती है और बेजुबानों को आवाज नहीं मिल जाती, यह यात्रा जारी रहेगी.
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी जी ने जिस मकसद से कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, उसके लिए हम लगातार काम कर रहे हैं. भाजपा जितनी भी नफरत फैलाने की कोशिश करें हम मोहब्बत से उसका सामना करेंगे. उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का इतिहास स्याही से नहीं बल्कि पसीने से लिखा गया है. यह हमारे लिए गर्व की बात है कि विदेशों के यूनिर्वसिटी में भारत जोड़ो यात्रा पर पीएचडी किया जा रहा है.
कांग्रेस भवन में लीडरशिप प्रोग्राम
कांग्रेस भवन रांची में झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज जी ने युवा शक्ति को बढ़ावा देने और देश में व्याप्त संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती देने के लिए भारत जोड़ो लीडरशिप प्रोग्राम का आगाज किया। इस प्रोग्राम का उद्देश्य उन युवाओं तक पहुँचना है जो देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए और राजनीति में प्रवेश करना चाहते है और देश को ज़मीनी स्तर से समझने के लिए भारतीय युवा कांग्रेस से जुड़ना चाहते है।




