
Deoghar : देवघर की दिवाली पूरे देश की जनता देख रही थी. विकास होता है तो कैसे अंधियारा जाता है यह आपने कल ही दीपोत्सव कर दिखा दिया. जब देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन कर बाबा मंदिर में पूजा करने जा रहा था तो आपसबों ने मुझे आशीर्वाद दिया है. एक तरफ बाबा का आशीर्वाद एक तरफ लाखों जनता का आशीर्वाद, आप सबों की भावनाओं से अभिभूत हूं. ये बातें पीएम नरेंद्र मोदी ने देवघर में आयोजित समारोह में कहीं. उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ की योजना को बाबा और जनता के चरणों में समर्पित किया है. जिस नये एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य मिला था उसके लोकार्पण का भी सौभाग्य मिला. पहले एक सरकार आती थी तो शिलान्यास होता था और वह काम पूरा नहीं होता था लेकिन अब हमारी सरकार जिस योजना का शिलान्यास करती है, उसका उद्घाटन भी करती है. हम जनता के पैसों का मर्म समझते हैं और जनता के एक-एक पाई का उपयोग जनता के लिए करते हैं.
इसे भी पढ़ें – झारखंड से PM MODI Live: देवघर एयरपोर्ट व एम्स का उद्घाटन, पीएम बोले-देवघर से खुलेगा पूर्वी भारत के विकास का द्वार
उन्होंने कहा कि भारत आस्था आध्यात्म और तीर्थ स्थलों की धरती है. देवघर को ही देखें, यहां शिव भी हैं और शक्ति भी हैं. देवघर में दूर दूर से लोग आते हैं. भाषा समझें या ना समझें लेकिन लोग आते हैं और पूजा अर्चना करते हैं. बाबा विश्वनाथ धाम हो, केदारनाथ धाम हो, अयोध्या धाम हो या बौद्ध सर्किट हो सभी जगह विकास हो रहा है. टूरिज़म विकास का रास्ता खोलता है. विश्व के कोने-कोने में पर्यटन की शक्ति अपार है. इसे और बढ़ाने की जरूरत है. आज दुनिया नयी चीजों को देखना चाहती है. समझना चाहती है. पौराणिक चीजों को देखना और समझना चाहती है.
आज समय की मांग है कि भारत अपने विरासत को ज्यादा से ज्यादा और तेजी के साथ आगे बढ़ाये. तेजी के साथ इन स्थलों पर आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दे. जब से काशी में विकास ने गति पकड़ी है, काशी विश्वनाथ परिसर का विकास हुआ है तीन साल में यहां तीन गुना अधिक टूरिस्ट आये हैं. छोटे-छोटे व्यवसाय करनेवाले को फायदा हो रहा है. केदारनाथ धाम में भी देख रहे हैं जब सुविधा नहीं थी उस समय कपाट खुलने पर ढाई लाख श्रद्धालु आते थे इस बार दो महीने में 9 लाख श्रद्धालु आये हैं.
रघुवर दास की सरकार के समय आयुष्मान योजना की शुरुआत हुई
पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड में भी बढ़ती हुई कनेक्टिविटी विकास को रफ्तार देगी. हमारे सरकार के लिए गर्व की बात है कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनायेगा. जो परियोजनाएं शुरू की हैं वह झारखंड के विकास को गति देंगी. जनता ने जो प्यार दिया है वह यह साबित करता है कि जनता को विकास चाहिए. यह हमारी निष्ठा, नीयत और परिश्रम की पहचान है. गरीब आदिवासी पिछड़ा को राजनीति में समेट दिया गया था. महिलाओं को राजनीति के चश्मे से देखा जाता था. लेकिन हमने उन्हें अग्रिम पंक्ति में लाने के लिए काम कर रहे हैं. पहले की सरकार सेवा भाव नहीं सत्ता भाव से भरी होती थी. उनका काम सिर्फ सत्ता हथियाना भर था विकास नहीं. पहले भारत में जो धनवान था सारी सुविधाएं उन तक पहुंच जाती थीं. गरीब, आदिवासी, पिछड़े का नंबर सबसे पीछे आता था. लेकिन हमारी सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ काम कर रही है. झारखंड के 12 लाख गरीबों को पक्का मकान मिला है. रसोई गैस दिया गया है. कहा कि हमारी सरकार गरीब की मुसीबत को समझती है. कोरोना काल में मुफ्त वैक्सीन के साथ मुफ्त खाने की व्यवस्था की. झारखंड के भी लाखों लोगों को केंद्र सरकार के मुफ्त राशन योजना का लाभ मिल रहा है. आयुष्मान भारत योजना का शुरुआत भी रघुवर दास की सरकार के समय झारखंड से ही हुआ है. 12 लाख लोगों का इलाज किया गया है. 1400 करोड़ रुपये का इलाज आयुष्मान योजना के तहत हुआ है.
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार की योजना गरीब के लिए संबल बन कर आयी है. देवघर में एम्स खुलने से गरीबों की बचत होनेवाली है. आदिवासियों का उत्थान भाजपा की प्राथमिकता है. देश के कई आकांशी जिलों में झारखंड के कई जिले हैं. आदिवासियों के विकास के लिए केंद्र सरकार 6000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है. एकलव्य विद्यालय खोले जा रहे हैं. क्या कभी कल्पना की जा सकती थी कि झारखंड में पाइप लाइन से गैस का सप्लाई होगी. झारखंड के पास देश की अग्रणी औद्योगिक राज्य बनने की प्रबल संभावना है. झारखंड को समुद्री राह से जोड़ने का प्रयास हो रहा है. आज हमारे देश के सामने एक चुनौती खड़ी हो गयी है. औऱ वह है शॉर्टकट की राजनीति. यह सच्चाई है जिस देश की राजनीति शॉर्टकर्ट की हो जाती है उस देश का शार्ट सर्किट हो जाता है. हमें परिश्रम की राजनीति करनी है. परिश्रम का कोई शॉर्टकट नहीं होता. कई देश हमारे ही साथ आजाद हुए वे कहां से कहां पहुंच गये लेकिन शॉर्टकट की राजनीति ने हमें पीछे कर दिया. इसे बदलना होगा. बिजली हमारी जीवन रेखा है. आज बाबाधाम से सभी देशवासियों से शॉर्टकट की राजनीति करनेवाले से बचने की अपील करता हूँ. शॉर्ट कट एक ही दिन में कंगाल कर देते हैं. बाबाधाम को स्वच्छ रखने की जिम्मेवारी देवघर की जनता की है. झारखंड को आगे बढ़ने के लिए देश को आगे बढ़ने के लिए मिल कर काम करना है.
देवघर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी, राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा, पूर्व सीएम और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, सांसद डॉ निशिकांत दुबे, पीएन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश, विधायक अमित मंडल, रणधीर सिंह, नारायण दास समेत कई अन्य भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – हर हर महादेव की नगरी में गूंजा हर हर मोदी का नारा



