
Ranchi: बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन की अवैध तरीके से खरीद बिक्री मामले में रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन की ओर से दायर डिफॉल्ट बेल की याचिका की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में सोमवार को हुई. कोर्ट में मामले में ईडी से जवाब मांगा है. अगली सुनवाई 11 सितंबर को होगी. ईडी की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार ने पैरवी की. बता दें कि छवि रंजन ने डिफॉल्ट बेल से संबंधित सीआरपीसी की धारा 167 के पिटिशन को ईडी कोर्ट द्वारा खारिज किए जाने को हाईकोर्ट में चुनौती दी है.
इसे भी पढ़ें: मनी लॉन्ड्रिंग केस में निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम के CA नीरज मित्तल सहित तीन के खिलाफ आरोप पत्र दायर
किस आधार पर दी गई चुनौती
छवि रंजन ने निचली अदालत में ईडी द्वारा दायर आरोपपत्र में त्रुटि होने और निर्धारित समय से चार्जशीट दाखिल नहीं होने को जमानत देने का आधार बनाया है। इसी के आधार पर उनकी ओर से ईडी कोर्ट से जमानत का आग्रह किया गया था, जिसे ईडी कोर्ट ने खारिज कर दिया था. इसके बाद उन्होंने इसे हाई कोर्ट में चुनौती दी है.
4 मई से जेल में बंद हैं छवि रंजन
बता दें कि इस मामले में रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन और बड़गाई के राजस्व कर्मचारी सहित 18 लोगों के 22 ठिकानों पर 13 अप्रैल को ईडी ने छापेमारी की थी। इस दौरान बड़ी संख्या में जमीन के फर्जी डीड , मुहर एवं अन्य कागजात ईडी को मिले थे। जिसके बाद 14 अप्रैल को ईडी ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इन पर जमीन के दस्तावेज में छेड़छाड़ करने का आरोप था, बाद में रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन को इस मामले में संलिप्तता के आधार पर 4 मई को गिरफ्तार किया गया था।




