
Ranchi : इस दिवाली बीसीसीएल अपने कर्मचारियों के लिए दोहरी खुशी लेकर आया है. कोल इंडिया के लगभग ढाई लाख कर्मियों (नन एग्जीक्यूटिव) को 72500 रुपये बोनस (परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवार्ड) मिलेगा. 11 अक्तूबर तक बोनस का भुगतान हो जाएगा. बोनस मद में लगभग 1800 करोड़ से ज्यादा रुपये का भुगतान किया जाएगा. पिछले साल 68500 मिला था. इस बार पिछले साल से चार हजार ज्यादा का भुगतान किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : झारखंड के विश्वविद्यालयों में खाली पदों पर नियुक्ति जल्द, राज्यपाल ने कहा – छात्रों के भविष्य से न हो खिलवाड़
दिल्ली में सोमवार को कोल इंडिया मानकीकरण समिति (स्टैंडर्डराइजेशन कमेटी) की बैठक में यह निर्णय लिया गया. बैठक में प्रबंधन एवं यूनियन के नेता मौजूद थे. पिछले वर्ष कोल इंडिया एवं अनुषंगी कंपनियों के कर्मियों को 68500 रुपये बोनस मिला था. इस वर्ष चार हजार रुपये अधिक भुगतान होगा. बोनस का सबसे ज्यादा पैसा झारखंड में करीब 750 करोड़ आएगा. मैनपावर पर कोल इंडिया की ओर से एक सितंबर को जारी नवीनतम आंकड़े के अनुसार झारखंड में लगभग 85 से 90 हजार कोयलाकर्मी हैं, जिन्हें बोनस मिलेगा. बीसीसीएल, सीसीएल एवं सीएमपीडीआईएल के लगभग 80 हजार कर्मी तथा ईसीएल के तीन एरिया मुगमा, चितरा एवं राजमहल झारखंड में है.
एक अप्रैल 2021 के बाद रिटायर होनेवाले कोयलाकर्मियों को भी बोनस मिलेगा. सीएमडी एनसीएल की अध्यक्षता में मानकीकरण समिति की बैठक हुई. कोल इंडिया के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल,निदेशक कार्मिक विनय रंजन समेत बीसीसीएल के निदेशक कार्मिक पीवीकेआरएम राव समेत सभी अनुषंगी कंपनियों के निदेशक कार्मिक भी मौजूद थे. यूनियन नेताओं में बीएमएस से सुरेंद्र पांडेय और सुधीर घुरड़े, एचएमएस से नाथूलाल पांडेय और एसके पांडेय, एटक से रमेंद्र कुमार तथा सीटू से डीडी रामानंदन बैठक में शामिल हुए.




