
Ranchi: कल गुरुवार को झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस राजेश कुमार की कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान जज से अधिवक्ता महेश तिवारी की नोक झोक मामले को हाई कोर्ट ने गंभीरता से लिया है. शुक्रवार को कोर्ट नंबर वन में हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता में पांच जजों की पूर्ण पीठ ने मामले की सुनवाई की. इस दौरान कोर्ट में जज एवं अधिवक्ता के साथ हुए नोक झोक से संबंधित वीडियो भी प्रस्तुत किया गया. इस आपराधिक अवमाननावाद केस में चीफ जस्टिस ने अधिवक्ता महेश तिवारी से उक्त घटना पर उनका पक्ष जानना चाहा. जिस पर अधिवक्ता महेश तिवारी ने कहा कि उन्होंने पूरे होश में जस्टिस राजेश कुमार से उक्त बातें कहीं है. उन्होंने उसपर अपना कोई पछतावा व्यक्त नहीं किया. इसके बाद चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली पूर्ण पीठ ने अधिवक्ता महेश तिवारी को आपराधिक अवमाननावाद में नोटिस जारी करते हुए 3 सप्ताह में जवाब मांगा है. मामले की अगली सुनवाई 11 नवंबर को होगी. पांच जजों की पूर्ण पीठ में चीफ जस्टिस के अलावा जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद, जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय, जस्टिस आनंद सेन और जस्टिस राजेश शंकर शामिल थे.




